gopalganj news : बस से उतरते समय गेट में कुर्ता फंसने से घसीटते चले गये सेवानिवृत्त शिक्षक, मौत

gopalganj news : चालक की लापरवाही से हथुआ बाजार में हुआ हादसा

फुलवरिया. स्थानीय थाना क्षेत्र के रामपुर कला गांव निवासी और सेवानिवृत्त शिक्षक की रविवार को सड़क हादसे में मौत हो गयी. घटना के बाद गांव में मातम छा गया है और परिजनों में कोहराम मच गया.

मृतक रामपुर कला गांव निवासी 61 वर्षीय जनार्दन शाह थे. परिजनों ने बताया कि रविवार की सुबह जनार्दन शाह दवा लेने के लिए हथुआ बाजार गये थे. बस से उतरते समय उनका एक पैर नीचे और दूसरा सीढ़ी पर ही था कि तभी चालक ने लापरवाही से बस आगे बढ़ा दी. अचानक असंतुलन बिगड़ने से जनार्दन शाह नीचे गिर पड़े और गिरते समय उनका कुर्ता बस के फाटक में फंस गया. इसके बाद बस करीब 10 से 15 मीटर तक उन्हें घसीटती चली गयी. आसपास मौजूद लोगों के शोर मचाने पर बस चालक ने वाहन रोका, लेकिन तब तक वे गंभीर रूप से घायल हो चुके थे.

परिजनों का रो-रोकर हुआ बुरा हाल

खून से लथपथ अवस्था में स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें हथुआ अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने स्थिति नाजुक होने पर सदर अस्पताल गोपालगंज रेफर कर दिया. वहां से परिजन बेहतर इलाज के लिए सीवान के एक निजी अस्पताल में ले गये, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी. उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. पत्नी सीता देवी भी सदमे में बेहोश होकर गिर पड़ी. पुत्रों का रो-रोकर बुरा हाल था.

बस चालक पर कार्रवाई की उठी मांग

इधर घटना की खबर मिलते ही विधायक राजेश कुमार सिंह कुशवाहा रविवार देर शाम मृतक के घर पहुंचे. उन्होंने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया तथा हरसंभव मदद का आश्वासन दिया. इस हादसे से पूरे क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है और लोगों ने बस चालक की लापरवाही पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए प्रशासन से कठोर कार्रवाई की मांग की है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SHAILESH KUMAR

SHAILESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >