Gopalganj News : जयप्रकाश विश्वविद्यालय (जेपीयू) के पीजी सीबीसीएस प्रथम सेमेस्टर, सत्र 2026-28 में नामांकन को लेकर छात्र-छात्राएं असमंजस की स्थिति में हैं. ऑनलाइन आवेदन और त्रुटि सुधार की प्रक्रिया समाप्त होने के बाद भी विश्वविद्यालय की ओर से अब तक नामांकन संबंधी गाइडलाइन और पहली मेरिट सूची जारी नहीं की गई है. इससे हजारों अभ्यर्थियों की चिंता बढ़ गई है.
पहली मेरिट सूची का इंतजार
आवेदन करने वाले छात्र-छात्राएं लगातार विश्वविद्यालय की वेबसाइट और संबंधित कॉलेजों से जानकारी प्राप्त कर रहे हैं, लेकिन नामांकन की तिथि और प्रक्रिया स्पष्ट नहीं होने के कारण असमंजस बना हुआ है. अब सभी की निगाहें विश्वविद्यालय की ओर से जारी होने वाली पहली मेरिट सूची और नामांकन कार्यक्रम पर टिकी हैं.
आवेदन प्रक्रिया पूरी, मेरिट सूची तैयार करने में जुटा विश्वविद्यालय
विश्वविद्यालय ने पहले ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 10 जुलाई निर्धारित की थी. बाद में विद्यार्थियों की सुविधा को देखते हुए इसे बढ़ाकर 17 जुलाई कर दिया गया. इसी अवधि में आवेदन पत्र में हुई त्रुटियों को सुधारने का अवसर भी दिया गया था. अब आवेदन और करेक्शन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. विश्वविद्यालय प्रशासन प्राप्त आवेदनों की जांच कर विषयवार और कॉलेजवार मेरिट सूची तैयार करने में जुटा हुआ है. हालांकि, नामांकन की तिथि और विस्तृत दिशा-निर्देश अब तक जारी नहीं किए गए हैं.
जिले के तीन कॉलेजों में 416 सीटों पर होगा नामांकन
गोपालगंज जिले के तीन अंगीभूत कॉलेजों में इस सत्र में कुल 416 सीटों पर पीजी में नामांकन लिया जाएगा. कमला राय कॉलेज में 224 सीटें, महेंद्र महिला कॉलेज में 96 सीटें तथा हथुआ स्थित गोपेश्वर कॉलेज में 96 सीटें निर्धारित की गई हैं. जिले में ही स्नातकोत्तर की पढ़ाई की सुविधा उपलब्ध होने से विद्यार्थियों को दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा. इससे समय और आर्थिक खर्च दोनों की बचत होगी, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को इसका लाभ मिलेगा.
आठ विषयों में मिलेगा नामांकन का अवसर
इस सत्र में कला संकाय के हिंदी, इतिहास, राजनीति विज्ञान, अर्थशास्त्र, मनोविज्ञान और गृह विज्ञान के अलावा विज्ञान संकाय के गणित एवं रसायन विज्ञान विषयों में नामांकन लिया जाएगा. विश्वविद्यालय ने आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों को अधिकतम तीन विषय और तीन कॉलेज चुनने का विकल्प दिया था, ताकि उन्हें अपनी प्राथमिकता के अनुसार चयन का अवसर मिल सके.
मेरिट सूची के बाद शुरू होगी दाखिले की प्रक्रिया
पहली मेरिट सूची जारी होने के बाद चयनित अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि के भीतर संबंधित कॉलेज में अपने मूल प्रमाण-पत्रों का सत्यापन कराना होगा और नामांकन शुल्क जमा करना होगा. निर्धारित अवधि के भीतर नामांकन नहीं लेने वाले अभ्यर्थियों की सीट रिक्त मानी जाएगी, जिसके बाद विश्वविद्यालय अगले चरण की मेरिट सूची जारी करेगा. छात्र-छात्राओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन से जल्द गाइडलाइन और नामांकन कार्यक्रम जारी करने की मांग की है, ताकि नए शैक्षणिक सत्र की पढ़ाई समय पर शुरू हो सके.
Also Read : 'जल जीवन हरियाली महोत्सव' की शुरुआत, 15 दिनों में 5,000 पौधे लगाने का लक्ष्य
