JPU में स्नातक सेमेस्टर-2 परीक्षा फॉर्म की अंतिम तारीख कल, 600 रुपये शुल्क; कॉलेज में सत्यापन जरूरी

जयप्रकाश विश्वविद्यालय (JPU) के स्नातक सेमेस्टर-2 के विद्यार्थियों के लिए परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 22 सितंबर है. विद्यार्थियों को 600 रुपये परीक्षा शुल्क ऑनलाइन जमा कर कॉलेज में सत्यापन कराना होगा.

Jai Prakash University: जयप्रकाश विश्वविद्यालय (JPU) के स्नातक सत्र 2025-29 के सेमेस्टर-2 के विद्यार्थियों के लिए परीक्षा फॉर्म भरने का मंगलवार को आखिरी मौका है. विश्वविद्यालय की ओर से ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तारीख 22 सितंबर निर्धारित की गयी है. तारीख नजदीक आते ही गोपालगंज जिले के डिग्री कॉलेजों में विद्यार्थियों की भीड़ बढ़ गयी है. कोई ऑनलाइन फॉर्म भरने में जुटा है, तो कोई फॉर्म का प्रिंट और जरूरी कागजात लेकर कॉलेज में सत्यापन कराने पहुंच रहा है.

पहले परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तारीख 18 सितंबर निर्धारित थी. विद्यार्थियों की सुविधा को देखते हुए JPU ने चार दिन की अतिरिक्त मोहलत देते हुए समय सीमा 22 सितंबर तक बढ़ायी थी. अब अंतिम तारीख में महज एक दिन बचा है. ऐसे में जिन विद्यार्थियों ने अभी तक फॉर्म नहीं भरा है, उन्हें ऑनलाइन आवेदन, शुल्क भुगतान और कॉलेज में सत्यापन की प्रक्रिया समय पर पूरी करनी होगी.

600 रुपये परीक्षा शुल्क, ऑनलाइन भुगतान के बाद कॉलेज में सत्यापन

सेमेस्टर-2 की परीक्षा में शामिल होने के लिए विद्यार्थियों को 600 रुपये परीक्षा शुल्क ऑनलाइन जमा करना होगा. शुल्क भुगतान के बाद ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म का प्रिंट निकालकर संबंधित कॉलेज में जमा करना होगा.

विद्यार्थियों को फॉर्म के साथ भुगतान रसीद, प्रवेश पत्र, पंजीयन पत्र समेत जरूरी दस्तावेज भी जमा करने होंगे. कॉलेज स्तर पर दस्तावेजों की जांच के बाद परीक्षा फॉर्म का सत्यापन किया जायेगा.

22 सितंबर तक ऑनलाइन फॉर्म, 23 को JPU भेजे जायेंगे सत्यापित प्रपत्र

विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तारीख 22 सितंबर है. वहीं, कॉलेजों को सत्यापित परीक्षा प्रपत्र और समेकित सूची 23 सितंबर तक JPU के परीक्षा विभाग को भेजनी है.

समय सीमा कम होने के कारण कॉलेजों में भी परीक्षा फॉर्म से जुड़ी प्रक्रिया तेज हो गयी है. अंतिम दिनों में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ने से कॉलेजों में सत्यापन के लिए भीड़ देखी जा रही है.

बिना पंजीयन फॉर्म स्वीकार करने पर कॉलेज की तय होगी जिम्मेदारी

विश्वविद्यालय ने कॉलेजों को निर्देश दिया है कि केवल पंजीकृत विद्यार्थियों का ही परीक्षा फॉर्म स्वीकार किया जाये. बिना पंजीयन वाले विद्यार्थी का फॉर्म सत्यापित कर विश्वविद्यालय भेजे जाने पर संबंधित प्राचार्य और सत्यापन पदाधिकारी की जिम्मेदारी तय की जायेगी.

इस निर्देश के बाद कॉलेज स्तर पर परीक्षा फॉर्म के साथ विद्यार्थियों के पंजीयन से संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है. अंतिम तारीख नजदीक होने के कारण विद्यार्थी ऑनलाइन आवेदन, शुल्क भुगतान और कॉलेज में दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कराने में जुटे हैं.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विकाश कुमार दूबे

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >