Gopalganj robbery: शहर में खुद को पुलिस बताकर लोगों को झांसे में लेकर लूटने वाला गैंग सक्रिय होने की बात सामने आयी है. ताजा मामला डाकघर चौक के समीप का है, जहां आयकर के वरीय अधिवक्ता कुमार हर्षवर्द्धन को बदमाशों ने पुलिसकर्मी बताकर रोक लिया और सोने की चेन व अंगूठी उतारने को कहा. हालांकि, अधिवक्ता को बदमाशों की मंशा समझ में आ गयी और उन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए खुद को बचा लिया.
दो बाइक पर चार युवकों ने घेरा
बताया गया कि डाकघर चौक निवासी आयकर के वरीय अधिवक्ता कुमार हर्षवर्द्धन राखी भेजने के लिए कोरियर करने स्कूटी से निकले थे. मौनिया चौक के पास पीछे से किसी ने उन्हें रुकने के लिए आवाज दी. उन्हें लगा कि किसी दूसरे व्यक्ति को रोका जा रहा है, इसलिए वे आगे बढ़ गये. इसके बाद वे जादोपुर रोड की ओर चले गये और जिला परिषद के सामने से यू-टर्न लेकर केनारा बैंक के पास कोरियर करने के लिए जाने लगे. इसी दौरान दो बाइक पर सवार चार युवकों ने उन्हें घेर लिया.
खुद को पुलिस बताकर की पूछताछ
बदमाशों ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए अधिवक्ता से हेलमेट को लेकर सवाल किया. इस पर हर्षवर्द्धन ने उनसे पूछा कि इनमें पुलिस अफसर कौन है. इसके बाद बदमाशों ने उनसे सोने की चेन पहनकर बाहर निकलने को लेकर सवाल किया और कहा कि उन्हें पता नहीं है कि बंदोबस्ती चल रही है. अधिवक्ता ने बताया कि वे आयकर के वकील हैं. इसके बाद बदमाशों ने कथित तौर पर उन्हें डांटते हुए सोने की चेन और अंगूठी निकालकर कागज में लपेटकर पॉकेट में रखने को कहा.
घर सामने होने की बात कहकर बचाया खुद को
बदमाशों की बातों से अधिवक्ता को समझ में आ गया कि वे पुलिसकर्मी नहीं हैं. इसके बाद उन्होंने कहा कि उनका घर सामने ही है और बच्चों को बुलाते हैं. यह कहते हुए उन्होंने स्कूटी स्टार्ट कर आगे बढ़ने की कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया. इसके बाद जब अधिवक्ता ने एसपी को फोन करने के लिए मोबाइल निकाला, तो बदमाश उन्हें छोड़कर वहां से चले गये.
पहले भी एलआइसी के डीओ को शिकार बनाने की बात
बताया जा रहा है कि इसी तरह की घटना में बदमाश पहले एक एलआइसी के डीओ को भी अपना शिकार बना चुके हैं. लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से शहर में लोगों के बीच चिंता बढ़ गयी है.
एसपी ने कहा, मामला संज्ञान में नहीं था
इस संबंध में एसपी विनय तिवारी से संपर्क किया गया. उन्होंने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं था. उन्होंने कहा कि अगर ऐसी घटना हुई है, तो इस गैंग के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जायेगी.
