Gopalganj News : नगर थाना क्षेत्र के जादोपुर मोड़ पर मीट की दुकान हटाने और लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर चाकूबाजी हो गई. इस हिंसक झड़प में दोनों पक्षों के दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों की पहचान साधु चौक मठिया निवासी जाहिद कुरैशी के 14 वर्षीय पुत्र साबिर अली और मठिया निवासी स्वर्गीय रामेश्वर गिरी के 25 वर्षीय पुत्र विशाल कुमार के रूप में हुई है.
मीट की दुकान को लेकर शुरू हुआ विवाद
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जादोपुर मोड़ पर मीट की दुकान हटाने और लगाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था. मंगलवार की रात यह विवाद बढ़ते-बढ़ते हिंसक झड़प में बदल गया. इस दौरान दोनों पक्षों के बीच चाकूबाजी हुई, जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में फिर भिड़े दोनों पक्ष
घटना के बाद दोनों पक्षों के लोग इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचे. आरोप है कि अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भी दोनों पक्षों के बीच दोबारा मारपीट शुरू हो गई. अचानक हुई इस घटना से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मरीजों व उनके परिजनों में दहशत का माहौल बन गया.
पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार लोगों को हिरासत में लिया है. वहीं, कई अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है.
एक घायल गोरखपुर रेफर, दूसरे का इलाज जारी
चिकित्सकों के अनुसार, घायल विशाल कुमार की हालत गंभीर बनी हुई है. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर कर दिया गया है. वहीं, साबिर अली का इलाज गोपालगंज सदर अस्पताल में चल रहा है.
पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है. प्रारंभिक जांच में मीट की दुकान को लेकर विवाद सामने आया है. पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Also Read : इमामगंज में 35 वर्षीय युवक की हत्या से सनसनी, पूछताछ के लिए एक युवक हिरासत में
