गोपालगंज: प्रखंड क्षेत्र की पांच पंचायतों में ग्रामीणों की जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से सहयोग शिविर आयोजित किए गए. शिविरों में ग्रामीणों की ओर से कुल 114 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 65 मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया. शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजते हुए उनके शीघ्र निष्पादन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
इन पांच पंचायतों में लगाए गए सहयोग शिविर
सहयोग शिविर बनकटा, बड़हरा, ढोढ़वलिया, रामपुर माधो और बंगालखांड पंचायतों में आयोजित किए गए. शिविरों के सफल संचालन एवं प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए प्रशासनिक अधिकारियों की टीम लगातार सक्रिय रही.
बीडीओ और अन्य अधिकारियों ने किया निरीक्षण
शिविरों का निरीक्षण बीडीओ आदित्य प्रकाश पांडेय, सीओ मनोरंजन शुक्ला, राजस्व पदाधिकारी (आरओ) मनन शुक्ला तथा एडीओ अशरफ आलम ने किया. अधिकारियों ने शिविरों में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित कर्मियों को प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
एक माह में 265 आवेदन, 253 का हो चुका है निष्पादन
बीडीओ आदित्य प्रकाश पांडेय ने बताया कि बीते एक माह के दौरान सहयोग कार्यक्रम के तहत कुल 265 आवेदन प्राप्त हुए. इनमें से 253 मामलों का सफलतापूर्वक निष्पादन किया जा चुका है, जबकि 12 मामलों पर कार्रवाई जारी है.
लंबित मामलों के जल्द समाधान का भरोसा
बीडीओ ने कहा कि शेष लंबित मामलों का भी शीघ्र और पारदर्शी तरीके से निष्पादन किया जाएगा. प्रशासन का लक्ष्य है कि ग्रामीणों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित कर उन्हें सरकारी योजनाओं और सेवाओं का अधिकतम लाभ दिलाया जाए.
Also Read: बांकीपुर जीतने के बाद क्या करेंगे प्रशांत किशोर, जानिए जन सुराज का अगला प्लान
