Gopalganj News : 28 सितंबर को होने वाले महावीरी अखाड़ा जुलूस को लेकर शनिवार की शाम गांधी सेवा आश्रम में शांति समिति की बैठक आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता हथुआ थानाध्यक्ष शोएब आलम ने की. इसमें जुलूस के दौरान विधि-व्यवस्था बनाये रखने, आपसी सौहार्द कायम रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने को लेकर प्रशासनिक तैयारियों पर चर्चा की गयी.
दर्जनों अखाड़ों के जुलूस में शामिल होने की उम्मीद
बैठक में बताया गया कि हथुआ क्षेत्र के विभिन्न गांवों से दर्जनों अखाड़ों के जुलूस पहुंचते हैं. इसे देखते हुए प्रशासन ने सभी अखाड़ा समितियों के अध्यक्षों और सदस्यों से निर्धारित नियमों और निर्देशों का पालन करने की अपील की.
अखाड़ा समितियों की भूमिका महत्वपूर्ण
हथुआ एसडीओ संतोष कुमार ने कहा कि जुलूस के दौरान शांति और सौहार्द बनाये रखने में अखाड़ा समितियों की भूमिका महत्वपूर्ण है. उन्होंने समिति के सदस्यों से प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर जुलूस को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने में सहयोग करने की अपील की.
अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील
प्रशासन ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की. साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक जानकारी प्रसारित करने से बचने को कहा गया. किसी विवाद अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गयी.
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में हथुआ एसडीओ संतोष कुमार, एसडीपीओ राजकुमार साह, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी रोशन कुमार समेत विभिन्न अखाड़ा समितियों के अध्यक्ष और सदस्य मौजूद रहे.
