Gopalganj News : विक्रमपुर पंचायत के मौजा सवनही एराजी में खतियान निर्माण को लेकर ग्राम सभा आयोजित की गयी. इसमें पंचायत प्रतिनिधियों के साथ संबंधित पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे. अमीन विश्वजीत कुअर, अंकुर कुमार और कानूनगो धीरेंद्र कुमार ने रैयतों को खतियान निर्माण के लिए आवश्यक दस्तावेज जमा करने की प्रक्रिया की जानकारी दी.
इन दस्तावेजों की छायाप्रति जमा करनी होगी
अधिकारियों ने बताया कि रैयतों को प्रपत्र-2, खतियान की नकल, वंशावली, बंटवारा से संबंधित कागजात, आधार कार्ड और राजस्व रसीद की छायाप्रति के साथ मूल दस्तावेज प्लास्टिक फाइल में जमा करना होगा. दस्तावेजों के आधार पर खतियान निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जायेगा.
रैयतों के सहयोग से समय पर पूरा होगा काम
शिविर प्रभारी आर्यन कुमार ने कहा कि रैयतों के सहयोग से ही खतियान निर्माण का कार्य समय पर पूरा किया जा सकेगा. उन्होंने सभी संबंधित रैयतों से आवश्यक कागजात उपलब्ध कराने और अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की.
विभिन्न मौजों में आयोजित हो रही ग्राम सभा
जिला बंदोबस्त पदाधिकारी अजय कुमार के निर्देश पर खतियान निर्माण के कार्य में तेजी लाने के लिए विभिन्न मौजों में ग्राम सभा आयोजित की जा रही है. अधिकारियों ने रैयतों से निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार दस्तावेज जमा करने और खतियान निर्माण अभियान को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की.
