Gopalganj Sadar Hospital: जिले के मॉडल सदर अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. अस्पताल परिसर में जल्द ही अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर यूनिट (CCU) का निर्माण कराया जाएगा. इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए स्वास्थ्य विभाग ने 44 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान कर दी है.
गंभीर मरीजों को मिलेगा बेहतर इलाज
नई क्रिटिकल केयर यूनिट के निर्माण के बाद सड़क हादसों, गंभीर बीमारियों और अन्य आपात स्थितियों में आने वाले मरीजों को अस्पताल में ही बेहतर और आधुनिक उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा. इससे गंभीर मरीजों को इलाज के लिए दूसरे शहरों में रेफर करने की आवश्यकता काफी कम हो जाएगी.
ट्रॉमा, आईसीयू और वेंटिलेटर की होगी सुविधा
अत्याधुनिक सीसीयू वार्ड में ट्रॉमा केयर, आईसीयू, वेंटिलेटर सपोर्ट और अन्य आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी. इससे गंभीर मरीजों का इलाज अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा.
अब तक पटना और गोरखपुर भेजे जाते थे मरीज
अभी तक ऐसी सुविधाओं के अभाव में गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए पटना, गोरखपुर और अन्य बड़े शहरों के अस्पतालों में रेफर करना पड़ता था. नई परियोजना के पूरा होने के बाद इस समस्या से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है.
समय पर निर्माण पूरा कराने की होगी मॉनिटरिंग
जिलाधिकारी समीर सौरभ ने बताया कि परियोजना को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा कराने के लिए लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी. उन्होंने कहा कि यह सुविधा केवल गोपालगंज ही नहीं, बल्कि आसपास के जिलों के मरीजों के लिए भी अत्यंत लाभकारी साबित होगी और जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी.
इसे भी पढ़ें: Also Read: रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर: 3 ट्रेनें कैंसिल, एक शॉर्ट टर्मिनेट, एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव भी बदला
