Physical Education Instructor Appointment: जिले में शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशक की नियुक्ति प्रक्रिया धीमी पड़ती नजर आ रही है. दस्तावेज सत्यापन (काउंसिलिंग) पूरा होने के एक माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद कटेया, हथुआ और कुचायकोट प्रखंड नियोजन इकाइयों में चयनित अभ्यर्थियों को अब तक नियुक्ति पत्र जारी नहीं किया गया है. इससे नाराज अभ्यर्थियों ने जिला पदाधिकारी समीर सौरभ को आवेदन देकर मामले में हस्तक्षेप की मांग की है.
अभ्यर्थियों का कहना है कि शिक्षा विभाग द्वारा निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं, लेकिन स्थानीय स्तर पर नियुक्ति प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ाई जा रही है.
काउंसिलिंग पूरी, फिर भी नियुक्ति पत्र का इंतजार
डीएम को दिए गए आवेदन में अभ्यर्थियों ने बताया कि शिक्षा विभाग की अधिसूचना के तहत शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशक नियोजन की समय-सारिणी तय की गई थी. इसके तहत 30 जून को दस्तावेज सत्यापन (काउंसिलिंग) संपन्न कराया गया था.
काउंसिलिंग के बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) ने सत्यापन का परिणाम संबंधित प्रखंड नियोजन इकाइयों के सचिवों को भेजते हुए नियुक्ति की आगे की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश भी दिया था. इसके बावजूद संबंधित प्रखंडों में नियुक्ति प्रक्रिया अब तक लंबित है.
स्पष्ट आदेश नहीं मिलने का दिया जा रहा हवाला
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि संबंधित प्रखंड नियोजन इकाइयों के सचिव अलग से स्पष्ट आदेश या पत्र मिलने का हवाला देकर नियुक्ति प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ा रहे हैं.
अभ्यर्थियों के अनुसार हथुआ प्रखंड की ओर से इस संबंध में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) को पत्र भी भेजा गया है. वहीं कुछ अधिकारियों का कहना है कि अन्य प्रखंडों में नियुक्ति प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही उनके यहां कार्रवाई शुरू की जाएगी. अभ्यर्थियों का आरोप है कि इसी वजह से नियुक्ति प्रक्रिया अनावश्यक रूप से लंबित हो गई है.
रोजाना कार्यालयों का लगा रहे चक्कर
चयनित अभ्यर्थियों ने बताया कि वे पिछले कई दिनों से संबंधित प्रखंड कार्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिल रहा है. नियुक्ति में हो रही देरी के कारण उन्हें मानसिक, आर्थिक और शारीरिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
उनका कहना है कि तीनों प्रखंडों में चयनित अभ्यर्थियों ने अपने-अपने नियोजन इकाई में काउंसिलिंग भी पूरी कर ली है. इसके बावजूद बार-बार कार्यालय बुलाकर उन्हें परेशान किया जा रहा है.
डीएम से शीघ्र हस्तक्षेप की मांग
अभ्यर्थियों ने जिला पदाधिकारी से मांग की है कि मामले में शीघ्र हस्तक्षेप कर संबंधित प्रखंड नियोजन इकाइयों को नियुक्ति पत्र जारी करने का निर्देश दिया जाए, ताकि चयनित अभ्यर्थियों को जल्द नियुक्ति मिल सके और नियुक्ति प्रक्रिया समय पर पूरी हो.
Also Read: बांकीपुर जीतने के बाद क्या करेंगे प्रशांत किशोर, जानिए जन सुराज का अगला प्लान
