गोपालगंज. जेल में बंद पेशेवर अपराधियों को सजा दिलाने के लिए पुलिस एक्टिव हो गयी है. वैसे अपराधी, जो जघन्य अपराधों में लंबे समय से जेल में बंद हैं, उन्हें सजा दिलाने के लिए ट्रायल चलाया जा रहा है. भियोजन पक्ष से मिलकर पुलिस हर रोज इसकी मॉनीटरिंग कर रही है, ताकि अपराधियों को किसी तरह का लाभ नहीं मिल सके.
एसपी खुद कर रहे मॉनीटरिंग
पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित स्पीडी ट्रायल कोषांग की खुद मॉनीटरिंग कर रहे हैं. पुलिस अधीक्षक और अभियोजन पक्ष की मॉनीटरिंग की वजह से हाल के दिनों में एके-47 वाले अपराधी मुन्ना मिश्रा समेत कई अपराधियों को न्यायालय से सजा भी दिलायी जा चुकी है. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हाल के दिनों में हुए जघन्य अपराध हो या फिर पहले से जेल में बंद कुख्यात अपराधी हों, सभी के विरुद्ध स्पीडी ट्रायल चलाने के लिए अनुशंसा की गयी है.
पुलिस ने सौंपी चार्जशीट
पुलिस ने अपराधियों के विरुद्ध चार्जशीट भी समय पर सौंप दी है, ताकि ट्रायल शुरू हो सके. उन्होंने बताया कि बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के गम्हारिया में हुए चौकीदार झमिंद्र राय हत्याकांड, जादोपुर थाना क्षेत्र के पुरैना में हुए छात्र बिट्टू कुमार की हत्याकांड, सिविल कोर्ट में हुए फायरिंग कांड और उचकागांव थाना क्षेत्र में हुए पूर्व मुखिया अरविंद यादव हत्याकांड में स्पीडी ट्रायल की अनुशंसा की गयी है.
विशाल, मनु, अक्षय पर ट्रायल शुरू
पुलिस की ओर से अभियोजन पक्ष की मदद से जेल में बंद कुख्यात अपराधी विशाल सिंह, मनु तिवारी, अक्षय यादव और सासामुसा आभूषण लूटकांड में गिरफ्तार अपराधियों पर ट्रायल शुरू किया गया है. पुलिस के पास इन अपराधियों से जुड़े पर्याप्त साक्ष्य हैं और गवाह हैं, जिसके आधार पर ट्रायल पूरी कराते हुए अपराधियों को उनके अपराधों की सजा दिलायी जायेगी.
सद्दाम को रिमांड पर लेगी पुलिस
पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने बताया कि सीवान के बड़हरिया के रहनेवाले कुख्यात अपराधी सद्दाम हुसैन को पुलिस रिमांड पर लेगी. सद्दाम पर थावे थाने के धतिवना के मुखिया मोहम्मद कुरैश की गोली मारकर हत्या किये जाने के अलावा कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस रिमांड पर लेकर कुख्यात से गहन पूछताछ करेगी और आपराधिक घटनाओं का खुलासा करेगी. रिमांड पर लेने के लिए पुलिस की ओर से न्यायालय में अर्जी दी जा चुकी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
