गोपालगंज: महेंद्र महिला कॉलेज में पीजी सत्र 2026-28 के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू

Gopalganj News : महेंद्र महिला कॉलेज में पीजी नामांकन शुरू, सुविधाओं को किया जा रहा सुदृढ़

गोपालगंज से विकास दुबे की रिपोर्ट
Gopalganj News : गोपालगंज के एकमात्र महेंद्र महिला कॉलेज में स्नातकोत्तर (पीजी) सत्र 2026-28 में नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गयी है. नामांकन की स्वीकृति मिलने ही कॉलेज प्रशासन ने परिसर की शैक्षणिक और आधारभूत सुविधाओं को व्यवस्थित करने की दिशा में काम तेज कर दिया है. छात्राओं को पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न सुविधाओं को दुरुस्त किया जा रहा है. कॉलेज परिसर में खेल मैदान की देखरेख, पुस्तकालय को व्यवस्थित करने, कंप्यूटर लैब को सुचारू बनाने तथा छात्राओं के कॉमन रूम को बेहतर करने का कार्य किया जा रहा है. इसके अलावा परिसर में साफ-सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है. कॉलेज प्रशासन का कहना है कि नामांकन के साथ-साथ छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना भी उनकी प्राथमिकता है. बदलते समय की जरूरतों को देखते हुए छात्राओं के लिए स्पोकन इंग्लिश कक्षाओं की व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है. साथ ही कंप्यूटर शिक्षा से जुड़ी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि छात्राओं को पढ़ाई के साथ-साथ तकनीकी जानकारी भी मिल सके. छात्राओं की सुविधा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए कॉलेज में पैड बैंक की व्यवस्था भी उपलब्ध करायी जा रही है.

होम साइंस, साइकोलॉजी और पॉलिटिकल साइंस में पीजी प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ

महाविद्यालय को फिलहाल स्नातकोत्तर स्तर पर होम साइंस, साइकोलॉजी और पॉलिटिकल साइंस विषयों में नामांकन की अनुमति मिली है. प्रत्येक विषय में 32-32 सीटें निर्धारित की गयी हैं. नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के बाद छात्राओं की ओर से जानकारी प्राप्त करने और आवेदन करने का सिलसिला भी शुरू हो गया है. कॉलेज प्रशासन के अनुसार विश्वविद्यालय और संबंधित नियमों के अनुरूप नामांकन की प्रक्रिया पूरी की जायेगी. निर्धारित सीटों के अनुसार योग्य छात्राओं का नामांकन लिया जायेगा. कॉलेज को उम्मीद है कि जिले के विभिन्न प्रखंडों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों की छात्राएं भी इस अवसर का लाभ उठायेंगी.

उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों पर निर्भरता होगी कम

महेंद्र महिला महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एके पाण्डेय ने बताया कि पीजी नामांकन शुरू होने से कॉलेज में उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं को और बेहतर बनाने का कार्य किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि पुस्तकालय, कंप्यूटर लैब, स्पोकन इंग्लिश कक्षाएं, छात्राओं का कॉमन रूम तथा सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन जैसी सुविधाओं को व्यवस्थित किया गया है, ताकि छात्राओं को पढ़ाई के दौरान आवश्यक संसाधन आसानी से उपलब्ध हो सकें. उन्होंने बताया कि वर्तमान में तीन विषयों में पीजी नामांकन की स्वीकृति प्राप्त हुई है. कॉलेज प्रशासन का प्रयास है कि नामांकन प्रक्रिया पूरी तरह सुचारू ढंग से संचालित हो और छात्राओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े. इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं. स्थानीय स्तर पर पीजी की पढ़ाई की सुविधा उपलब्ध होने से जिले की छात्राओं को सहूलियत मिलेगी. इससे उन्हें उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों का रुख करने की आवश्यकता कम होगी और वे अपने जिले में रहकर ही स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी कर सकेंगी. कॉलेज प्रशासन ने इच्छुक छात्राओं से निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय पर नामांकन कराने की अपील की है.

Also Read : रफीगंज विधायक प्रमोद कुमार सिंह की मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से शिष्टाचार मुलाकात, जनसमस्याओं पर हुई विस्तृत चर्चा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Yuvraj Ratan

पटना जन्मस्थली है मेरी, निष्पक्ष, तथ्यात्मक और जनहित आधारित पत्रकारिता में विश्वास करता हूं. वर्तमान में मेरा उद्देश्य बिहार के स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाना और पाठकों तक सत्यापित जानकारी पहुंचाना है. किसी भी समाचार को प्रकाशित करने से पहले उपलब्ध तथ्यों और स्रोतों का सत्यापन करना मेरी प्राथमिकता है. पाठकों को विश्वसनीय, निष्पक्ष और जनहितकारी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हूं.

प्राथमिक शिक्षा संत जेवियर्स हाई स्कूल, पटना से पूरी करने के बाद संत जेवियर्स कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नॉलजी से बैचलर्स ऑफ मास कम्यूनिकेशन से स्नातक किया हूं. 2020 से पटना स्थित मीडिया संस्थान न्यूज 4 नेशन में एंकर सह प्रोड्यूसर के पद पर डेढ़ वर्षों तक काम किया. इसके उपरांत जून 2022 से इंडियन पॉलिटिकल एक्शन कमिटी (I-PAC) में सीनियर एग्जीक्यूटिव के पद पर रहते हुए डिजिटल कम्यूनिकेशन टीम में कार्य करने का मौका मिला. वर्तमान में प्रभात खबर में कंटेंट राइटर के पद पर हूं इसके माध्यम से नागरिकों के पास तथ्यात्मक और सही सूचनाएँ, खबर और अपडेट देने का कार्य कर रहा हूं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >