हथुआ में गूंजी शिक्षकों की आवाज, लंबित मांगों पर सरकार से हस्तक्षेप की मांग

Gopalganj News : चार माह से लंबित वेतन और प्रोन्नति की मांग को लेकर हथुआ में नियोजित शिक्षकों की विशेष बैठक

गोपालगंज से विकास दुबे की रिपोर्ट
Gopalganj News : गोपालगंज जिले के नियोजित शिक्षकों के लंबित वेतन, कालबद्ध प्रोन्नति एवं 12 वर्षीय प्रोन्नति सहित विभिन्न मांगों को लेकर शुक्रवार को हथुआ प्रखंड के मध्य विद्यालय बरवा कपरपुरा परिसर में विशेष बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता प्रारंभिक शिक्षक कल्याण संघ के जिला अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार एवं शिक्षक नेता सत्येंद्र राय ने संयुक्त रूप से की, जबकि संचालन धर्मेंद्र कुमार सिंह ने किया. बैठक में जिले के नियोजित शिक्षकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई. वक्ताओं ने कहा कि चार माह से वेतन भुगतान नहीं होने के कारण शिक्षकों और उनके परिवारों के समक्ष आर्थिक संकट गहरा गया है. दैनिक जरूरतों की पूर्ति करना भी मुश्किल हो रहा है. शिक्षकों का कहना था कि जब कर्मियों को समय पर वेतन नहीं मिलेगा, तो गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की अपेक्षा करना उचित नहीं होगा.

वेतन भुगतान में देरी पर जतायी नाराजगी

जिला अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार ने कहा कि लंबे समय से वेतन भुगतान लंबित रहने के कारण शिक्षकों के समक्ष भुखमरी जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है. उन्होंने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा. वहीं, सत्येंद्र राय ने कहा कि चार माह से वेतन बाधित रहने से शिक्षकों का मनोबल प्रभावित हुआ है, जिसका असर पठन-पाठन व्यवस्था पर भी पड़ रहा है.

8 जून से अनिश्चितकालीन आंदोलन का निर्णय

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पूर्व में विभाग को दिए गए आवेदन के आलोक में 8 जून 2026 से जिला शिक्षा कार्यालय, गोपालगंज के समक्ष मांगों की पूर्ति तक अनवरत धरना-प्रदर्शन एवं भूख हड़ताल कार्यक्रम चलाया जाएगा. इसकी सूचना जिला शिक्षा पदाधिकारी को भी दे दी गई है. बैठक में जयदीप कुमार, जयप्रकाश सिंह, मिथिलेश कुमार मिश्रा, मजिस्टर प्रसाद यादव, विकास कुमार, सगीर अंसारी, अनुपमा कुमारी, कांति देवी, अरुणा कुमारी, शैलबाला देवी, मोहम्मद ईशा, वेद प्रकाश गुप्ता सहित जिले के सैकड़ों शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे. सभी ने एकजुट होकर अपनी मांगों के समर्थन में आंदोलन को सफल बनाने का संकल्प लिया.

Also Read : जेपीयू नामांकन: छपरा, सीवान और गोपालगंज से उमड़े आवेदन, 40 हजार पार पहुंचने की संभावना

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: YUVRAJ RATAN

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >