गोपालगंज के सेवा निवृत्त बीइओ जानकी कुमारी को भावभीनी विदाई, शिक्षकों ने कहा- उनकी कार्यशैली हमेशा रहेगी मिसाल

Gopalganj News: पंचदेवरी में सेवा निवृत्त बीइओ जानकी कुमारी को सम्मान समारोह आयोजित कर भावभीनी विदाई दी गई. शिक्षकों और अधिकारियों ने उनकी ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और कार्यशैली की जमकर सराहना की.

Gopalganj News: (अजीत कुमार द्विवेदी) गोपालगंज जिले के पंचदेवरी प्रखंड मुख्यालय में सेवा निवृत्त प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीइओ) जानकी कुमारी के सम्मान में भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया. समारोह में पदाधिकारियों, शिक्षकों और शिक्षा विभाग के कर्मियों ने उन्हें अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया. वक्ताओं ने उनकी कार्यकुशलता, कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशील कार्यशैली की मुक्तकंठ से सराहना की.

चार वर्षों का कार्यकाल बना मिसाल

समारोह में वक्ताओं ने कहा कि कुछ अधिकारी अपने कार्यों से ऐसी मिसाल कायम कर जाते हैं, जिन्हें लंबे समय तक याद रखा जाता है. जानकी कुमारी भी उन्हीं अधिकारियों में शामिल हैं. उन्होंने अपने चार वर्ष के कार्यकाल में न केवल प्रशासनिक जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया, बल्कि शिक्षकों के अभिभावक की भूमिका भी निभाई. उनके कार्यकाल को आने वाले अधिकारियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया गया.

पूर्व बीआरपी बमबम मिश्र ने कहा कि जानकी कुमारी का कार्यकाल पंचदेवरी के शिक्षा विभाग के इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा. वहीं जवाहर लाल सिंह, रज्जाक अंसारी, केशव तिवारी सहित कई शिक्षकों ने उनके नेतृत्व और कार्यशैली की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

बीइओ ने जताया सभी के प्रति आभार

अपने संबोधन में जानकी कुमारी ने कहा कि पंचदेवरी में चार वर्षों के दौरान उन्हें विभागीय कर्मियों, शिक्षकों और स्थानीय लोगों का भरपूर सहयोग, स्नेह और सम्मान मिला, जिसे वह जीवनभर नहीं भूल पाएंगी. उन्होंने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया.

अधिकारियों और कवियों ने भी किया सम्मान

समारोह के दौरान बीडीओ आयुष राज आलोक, सीओ तरुण कुमार रंजन, एलइओ विकास कुमार, बीसीओ विमलेश कुमार समेत अन्य अधिकारियों ने भी उन्हें सम्मानित किया और उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व की प्रशंसा की.

प्रख्यात गीतकार एवं कवि संजय मिश्र ‘संजय’, कवि अश्विनी द्विवेदी तथा अवध किशोर ‘अवधू’ ने अपनी कविताओं के माध्यम से जानकी कुमारी के प्रति सम्मान व्यक्त किया. कार्यक्रम का संचालन कवि संजय मिश्र ‘संजय’ एवं शिक्षाविद् डॉ. दुर्गाचरण पांडेय ने संयुक्त रूप से किया.

विदाई के समय भावुक हुआ माहौल

विदाई समारोह में डीडीओ वीरेंद्र सिंह, शिक्षक सुनील शर्मा, घनश्याम चौरसिया, बागेश्वरी नाथ तिवारी, अजय कुमार मिश्र, छोटेलाल सिंह, संतोष कुशवाहा, लोकेश श्रीवास्तव, मधुसूदन मिश्र, सतीश द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं शिक्षा विभाग के कर्मी मौजूद रहे. विदाई के समय माहौल भावुक हो गया और उपस्थित लोगों की आंखें नम हो गईं.

इसे भी पढ़ें: गोपालगंज में पिकअप चालक को गोली मारने का खुलासा, त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग में छह संदिग्ध हिरासत में

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vivek Ranjan

विवेक रंजन पाण्डेय पिछले 8 वर्षों से टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. उन्होंने Aryabhatta Knowledge University, Patna से BJMC की पढ़ाई की है.

उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत Network 10 टीवी चैनल से की. इसके बाद News India, News18 Digital सहित कई राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय मीडिया संस्थानों में फील्ड रिपोर्टिंग और कंटेंट राइटिंग का अनुभव प्राप्त किया.

वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल की बिहार टीम में Content Writer के रूप में कार्यरत हैं. यहां बिहार की राजनीति, चुनाव, शिक्षा, कृषि, रोजगार, सरकारी योजनाओं, सामाजिक सरोकारों और विभिन्न जिलों की महत्वपूर्ण खबरों पर तथ्यपरक और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुंचाते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >