(गोपालगंज से सुरेश कुमार राय की रिपोर्ट)
Gopalganj News: गोपालगंज जिले के विजयीपुर थाना क्षेत्र के बंधौरा घाट गांव में जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल मोहन गुप्ता की पटना स्थित पीएमसीएच में इलाज के दौरान मौत हो गई. दो दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद उन्होंने अंतिम सांस ली. घटना के बाद इलाके में शोक और तनाव का माहौल है.
घर में घुसकर बेटे के साथ भी की गई मारपीट
परिजनों के अनुसार हमलावरों ने मोहन गुप्ता के साथ मारपीट करने के अलावा उनके घर में घुसकर उनके पुत्र के साथ भी बेरहमी से मारपीट की. इस घटना का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात सामने आई है, जिसकी जांच पुलिस कर रही है.
प्राथमिक जांच में जमीन विवाद की बात
पुलिस की प्रारंभिक जांच में घटना की वजह भूमि विवाद बताई जा रही है. गंभीर रूप से घायल मोहन गुप्ता को पहले स्थानीय स्तर पर उपचार दिया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर उन्हें पटना के पीएमसीएच रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
दो आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
वायरल वीडियो की भी हो रही जांच
पुलिस पीड़ित परिवार के बयान और सोशल मीडिया पर वायरल बताए जा रहे वीडियो के आधार पर अन्य संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है. स्थानीय लोगों ने भी सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
इसे भी पढ़ें: औरंगाबाद में पारा स्पोर्ट्स ट्रेनिंग सेंटर का आज उद्घाटन, जानें क्या होंगी सुविधाएं
