Gopalganj News🙁मनीष राज) नगर थाना क्षेत्र के कररिया गांव से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां जमीन विवाद को लेकर बड़े भाई ने अपने ही छोटे भाई के साथ अमानवीय व्यवहार किया.
जानकारी के अनुसार, विष्णु कांत महतो ने अपने छोटे भाई राम विचार महतो को पहले रस्सी से बांध दिया और फिर उसकी बेरहमी से पिटाई की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
क्या है पूरा मामला?
बताया जाता है कि दोनों भाइयों के बीच पिता जगपत्ति महतो की संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था. आरोप है कि बड़ा भाई पिता से पूरी संपत्ति अपने नाम जबरन लिखा लिया था. इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और उसने छोटे भाई को अपना गुस्सा का शिकार बना लिया.
घटना के दौरान गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर घायल राम विचार महतो को किसी तरह छुड़ाया और तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है. घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की बात कही जा रही है. इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है.
