Bihar Crime News🙁गौतम प्रसाद) गोपालगंज के विजयीपुर थाना क्षेत्र के भरपुरवा गांव स्थित केरवनिया घाट पर शनिवार को बड़ा हादसा हो गया. खनुआ नदी में स्नान करने गए चार किशोर एक साथ गहरे पानी में डूब गए. इस हादसे में दो किशोरों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है.
दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए देवरिया रेफर किया गया है. बताया जाता है कि भरपुरवा गांव निवासी दिग्विजय मिश्रा का 11 वर्षीय पुत्र आयुष मिश्रा, अपनी बुआ के पुत्र ओम पांडेय (13 वर्ष) एवं चुलबुल पांडेय (15 वर्ष) तथा गांव के ही आनंद ठाकुर का 16 वर्षीय पुत्र विशाल ठाकुर शनिवार को गांव के समीप स्थित केरवनिया घाट पर स्नान करने गए थे.
स्नान के दौरान हुई घटना
स्नान के दौरान चारों किशोर अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे. घाट पर मौजूद मंदिर के पुजारी ने बच्चों को डूबता देख शोर मचाया और तुरंत बचाव कार्य शुरू किया. ग्रामीणों के काफी प्रयास के बाद चारों किशोरों को नदी से बाहर निकाला गया.
इलाज के बाद चिकित्सकों ने मृत घोषित किया
आनन-फानन में विजयीपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया. जहां चिकित्सकों ने आयुष मिश्रा और ओम पांडेय को मृत घोषित कर दिया. चुलबुल पांडेय और विशाल ठाकुर की स्थिति गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए देवरिया रेफर कर दिया.
घटना के बाद पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. मृतक बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
घटना की सूचना मिलते ही विजयीपुर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी लेने के बाद दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गोपालगंज भेज दिया.
