कुचायकोट. विश्वंभरपुर थाने के अमवा विजयपुर के मेले में चाकूबाजी में एक युवक घायल हो गया. वहीं चाकू मारने वाले युवक को मेले में मौजूद अन्य लोगों ने मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया. घायलों में इसी थाने के अमवा विजयपुर गांव के शिवम कुमार व खेम मटिहनियां गांव के उमेश सिंह हैं. दोनों घायलों को स्थानीय सीएचसी में इलाज के लिए भर्ती कराया गया, जहां प्रारंभिक इलाज करने के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया.
महाशिवरात्रि पर लगा था मेला
बताया जा रहा है कि महाशिवरात्रि पर अमवा विजयपुर शिव मंदिर में मेला लगा था. मेले में जाने के लिए मुख्य गेट पर स्वयंसेवक के रूप में शिवम कुमार तैनात था. वह बाइक सवार उमेश सिंह को गेट से अंदर जाने से रोकने लगा. इससे आक्रोशित होकर बाइक सवार उमेश सिंह ने शिवम कुमार को चाकू से हमला कर घायल कर दिया.
मेले में मची अफरातफरी, पहुंची पुलिस
चाकू मारने से शिवम कुमार के घायल होने के बाद आसपास के ग्रामीण आक्रोशित हो उठे. गुस्साये ग्रामीणों ने उमेश सिंह की जमकर पिटाई कर दी. घटना के बाद मेले में अफरातफरी का माहौल बन गया. सब इधर-उधर भागने लगे. घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. उसने लाेगाें का समझा कर मामले को शांत कराया. बताया जा रहा है कि दोनों युवकों के बीच पुराना विवाद भी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
