Gopalganj News (संजय कुमार अभय की रिपोर्ट): गोपालगंज समाहरणालय सभा कक्ष में सोमवार को डीएम पवन कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में “स्वच्छ गांव, सुरक्षित जलवायु” अभियान एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर समीक्षा-सह-उन्मुखीकरण बैठक आयोजित की गई. बैठक में 1 से 5 जून तक चलने वाले ‘स्वच्छ गांव, सुरक्षित जलवायु’ अभियान की विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा की गई.
बैठक में जिलाधिकारी ने दिए निर्देश
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (एसडब्ल्यूएम) नियमावली-2026 तथा माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने, स्वच्छता परिसंपत्तियों के बेहतर संचालन एवं अनुरक्षण तथा सामुदायिक सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
कचरे के ढेरों की वैज्ञानिक निस्तारण का निर्देश
डीएम ने कहा कि गांवों में कचरे का स्रोत स्तर पर गीला, सूखा, सेनेटरी एवं खतरनाक कचरे के रूप में पृथक्करण सुनिश्चित किया जाए. साथ ही घर-घर से नियमित कचरा संग्रहण व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाया जाए. उन्होंने पुराने कचरे (लेगेसी वेस्ट) के ढेरों की पहचान कर उनके वैज्ञानिक निस्तारण की दिशा में कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया.
कचरा से धन की अवधारणा को बढ़ावा देने की चर्चा
बैठक में मिशन लाइफ को बढ़ावा देने, प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन के 4आर सिद्धांत रिफ्यूज, रिड्यूस, रीयूज एवं रिसाइकिल तथा धूसर जल प्रबंधन के 3आर सिद्धांत रिड्यूस, रीयूज एवं रिचार्ज के प्रति जन-जागरूकता फैलाने पर विशेष बल दिया गया. इसके अलावा ‘कचरा से धन’ (वेस्ट टू वेल्थ) की अवधारणा को ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ावा देने पर भी चर्चा की गई.
डीएम ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे पंचायत प्रतिनिधियों, पंचायत सचिवों, स्वच्छता पर्यवेक्षकों एवं अन्य संबंधित कर्मियों को अभियान के उद्देश्यों तथा नियमावली के प्रावधानों के संबंध में प्रशिक्षित एवं जागरूक करें. उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय और जनभागीदारी आवश्यक है.
अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने पर बल
बैठक के दौरान अभियान की निगरानी, दैनिक गतिविधियों की रिपोर्टिंग तथा एसबीएम (जी) आइएमआइएस पोर्टल पर समयबद्ध प्रविष्टि सुनिश्चित करने के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. डीएम ने सभी अधिकारियों से अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने तथा स्वच्छ, स्वस्थ और पर्यावरण-अनुकूल ग्रामीण समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया. बैठक में डीडीसी गौरव कुमार, डीइओ योगेश कुमार, सिविल सर्जन डॉ. वीरेंद्र प्रसाद, डीआरडीए के निदेशक राकेश चौबे समेत सभी प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी, जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे.
Also Read: गोपालगंज में बकरीद के दिन गौ हत्या की सूचना देने वाले युवक पर चाकू से हमला, हालत गंभीर
