मांझा (गोपालगंज) से अखिल कुमार की रिपोर्ट
Gopalganj News : मांझा थाना परिसर में रविवार को थानाध्यक्ष के नेतृत्व में चौकीदार परेड का आयोजन किया गया. परेड में थाना क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों एवं गांवों से आए चौकीदारों ने भाग लिया. इस दौरान सभी चौकीदारों की उपस्थिति दर्ज की गई तथा उनकी कार्यप्रणाली और क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई.परेड को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष निरंजन कुमार ने चौकीदारों को अपने-अपने क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि चौकीदार ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस की आंख और कान के रूप में कार्य करते हैं. ऐसे में किसी भी संदिग्ध गतिविधि, आपराधिक घटना अथवा असामाजिक तत्वों की जानकारी तत्काल थाना को देना उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है.
अपराध नियंत्रण और शराबबंदी कानून के पालन पर विशेष जोर
उन्होंने चौकीदारों को गांवों में होने वाली छोटी-बड़ी घटनाओं पर सतर्क नजर रखने तथा समय पर सूचना उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित किया.बैठक के दौरान अपराध नियंत्रण, शराबबंदी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन तथा सामाजिक सौहार्द बनाए रखने को लेकर विशेष चर्चा की गई. थानाध्यक्ष ने कहा कि बिहार में शराबबंदी कानून लागू है, इसलिए अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं सेवन की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें. साथ ही उन्होंने अफवाह फैलाने वाले तत्वों पर नजर रखने तथा किसी भी भ्रामक सूचना की जानकारी प्रशासन तक पहुंचाने का निर्देश दिया.
सुरक्षा और जनसरोकार के मुद्दों पर चर्चा
चौकीदारों से उनके-अपने क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था, स्थानीय समस्याओं और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों की भी जानकारी ली गई. कई चौकीदारों ने ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं और सुरक्षा संबंधी चुनौतियों से अवगत कराया, जिस पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया. आगामी त्योहारों एवं विशेष अवसरों को देखते हुए थानाध्यक्ष ने सभी चौकीदारों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि पुलिस और चौकीदारों के बीच बेहतर समन्वय से ही क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था कायम रखी जा सकती है. परेड के अंत में सभी चौकीदारों को अपने दायित्वों का ईमानदारी एवं तत्परता से निर्वहन करने की सलाह दी गई. इस अवसर पर थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी भी उपस्थित रहे.
Also Read : बिहार मदरसा शिक्षा बोर्ड ने नई प्रबंधन कमेटी को दी मंजूरी, पदाधिकारियों का हुआ सम्मान
