Gopalganj News : श्रीपुर में ससुराल वालों ने महिला को रस्सी से गला घोंट कर मार डाला, पति गिरफ्तार

Gopalganj News : श्रीपुर थाना क्षेत्र के अहिरौली गांव में मंगलवार की अहले सुबह घरेलू विवाद को लेकर ससुराल वालों ने 27 वर्षीया सुमन देवी की रस्सी से गला घोटकर हत्या कर दी.

फुलवरिया. श्रीपुर थाना क्षेत्र के अहिरौली गांव में मंगलवार की अहले सुबह घरेलू विवाद को लेकर ससुराल वालों ने 27 वर्षीया सुमन देवी की रस्सी से गला घोटकर हत्या कर दी. हत्या के बाद आरोपित शव को चुपके से खेत में ले जाकर जलाने की तैयारी में थे.

समय रहते मायके वालों को मिली सूचना

समय रहते मृतका के मायके वालों को सूचना मिल गयी, जिससे साजिश नाकाम हो गयी. अहिरौली गांव निवासी अरविंद यादव की पत्नी सुमन देवी काफी समय से घरेलू कलह से जूझ रही थी. परिजनों का आरोप है कि सुमन के साथ लगातार मारपीट की जाती थी. इसी क्रम में मंगलवार की सुबह ससुराल वालों ने सुमन का गला रस्सी से कस कर हत्या कर दी. हत्या के बाद शव को छिपाकर खेत में जलाने की तैयारी चल रही थी. इसी दौरान गांव के ही एक सजग व्यक्ति ने सुमन के मायके में फोन कर घटना की सूचना दी.

परिजनों ने पुलिस को दी सूचना

सूचना मिलते ही मृतका के पिता व अन्य परिजन रोते-बिलखते अहिरौली पहुंचे. वहां उन्होंने देखा कि घर में ताला लगा हुआ था और पास के खेत में ट्रैक्टर पर लकड़ियां उतारी जा रही थीं. शक होने पर परिजनों ने ट्रैक्टर की चाबी छीन ली और इसकी सूचना श्रीपुर थाने को दी. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष नेहा कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं. तब तक ससुराल वाले शव लेकर फरार हो चुके थे. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए छापेमारी शुरू कर दी. इस दौरान गांव के ही एक घर के समीप से मृतका के पति अरविंद यादव को गिरफ्तार कर लिया गया. पूछताछ में अरविंद की निशानदेही पर पुलिस ने फुलवरिया थाना क्षेत्र के हरिहरा गांव के समीप झाड़ियों से सुमन देवी का शव बरामद कर लिया. शव को देखने से स्पष्ट था कि गले पर रस्सी के निशान थे, जिससे गला दबाकर हत्या की पुष्टि होती है.

मायके वालों ने लगाया साजिश के तहत हत्या का आरोप

भोरे थाना क्षेत्र के रामनगर गांव के हृदयानंद यादव की पुत्री सुमन देवी की शादी वर्ष 2018 में अरविंद यादव से हुई थी. मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष के लोगों पर साजिश के तहत हत्या करने का आरोप लगाया है. परिजनों के अनुसार, एक माह पूर्व ही अरविंद यादव दुबई से एक माह पहले लौटा था. लौटने के बाद से ही सुमन के साथ विवाद और बढ़ गया था. आरोप है कि अरविंद ने अपने परिजनों के साथ मिलकर इस जघन्य घटना को अंजाम दिया.

बच्चियों का रो-रोकर हुआ बुरा हालउसकी दो बेटियां हैं. बड़ी बेटी अंशिका और छोटी बेटी आकृति हैं, जो अपनी मां की मौत के बाद रो-रोकर बेसुध हैं. घटना की जानकारी मिलते ही श्रीपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गोपालगंज भेज दिया है. वहीं फरार ससुराल पक्ष के अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गयी है. घटना के बाद से मृतका के मायके वालों का रो-रोकर बुरा हाल है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: GURUDUTT NATH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >