Gopalganj News : मन में संकल्प दृढ़ हो, तो राम जरूर मिलेंगे : पं धीरेंद्र शास्त्री

Gopalganj News : प्रखंड के रामनगर में चल रही हनुमंत कथा के चौथे दिन पं धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि यदि संकल्प दृढ़ हो तो राम जरूर मिलेंगे.

भोरे. प्रखंड के रामनगर में चल रही हनुमंत कथा के चौथे दिन पं धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि यदि संकल्प दृढ़ हो तो राम जरूर मिलेंगे. भक्ति की शक्ति पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि राम की भक्ति में संकल्प की शक्ति होती है. यदि संकल्प दृढ़ हो, तो राम जरूर मिलते हैं. उन्होंने संगीत में प्रसंग सुनाने के तुरंत बाद कथा को स्थगित कर दिया.

सभी लोग टीवी तथा मोबाइल फोन के माध्यम से ही कथा सुनें

इससे पूर्व कथा के दौरान पूरा पंडाल क्षेत्र में अत्यधिक भीड़ के दबाव से जूझ रहा था. चार बजे के आसपास कथा शुरू हुई. लेकिन कुछ ही देर चलने के बाद मंच से कथावाचक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने निवेदन करते हुए कथा को स्थगित कर दिया. उन्होंने कहा किसी के साथ अनहोनी न हो, उसके लिए सभी लोग टीवी तथा मोबाइल फोन के माध्यम से ही कथा सुनें. पंडाल के नजदीक वाले लोग ही कल पंडाल में आएं. आज की कथा स्थगित की जाती है.

दिव्य दरबार के अगले दिन रामनगर में भीड़ हुई बेकाबू

रामनगर में चल रही हनुमंत कथा के चौथे दिन लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं के भीड़ में उमड़ पड़ी. दूर-दराज सहित दूसरे जिले व अन्य प्रदेश के श्रद्धालु रामनगर पहुंच गये, जहां व्यवस्था लगभग चरमरा गयी. पुलिस कर्मियों के लाख रोकने के बावजूद भीड़ नियंत्रित नहीं हो सकी. लोगों का हुजूम चारों तरफ बैरिकेडिंग तोड़कर पंडाल में घुस गया. स्थिति यह हुई कि पंडाल में श्रद्धालुओं के प्रवेश करने तक की जगह नहीं रही. यहां तक लगायी गयी चारों तरफ की बैरिकेडिंग को तोड़ लोग पंडाल में घुस गये. क्षमता से अधिक भीड़ होने के कारण लोग पंडाल की चारों तरफ भी घेरा बनाकर खड़े रहे. एक झलक पं. धीरेंद्र शास्त्री को देखने के लिए भीड़ लालायित रही.

बैरिकेडिंग तोड़ अंदर घुसे लोग, एक दर्जन लोगों की बिगड़ी तबीयत

रविवार को कथा के चौथे दिन पूरे पंडाल में भीड़ का प्रचंड दबाव बना हुआ था. लाखों की संख्या में श्रद्धालु बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर को देखने के लिए इच्छुक थे. भीड़ के अधिक दबाव के कारण बैरिकेडिंग तोड़कर लोग अंदर प्रवेश कर गये. इस दौरान उड़ रही धूल तथा सांस रुकने की समस्या को लेकर लोगों की तबीयत बिगड़ गयी, जिन्हें एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया. कई लोग का पैर टिन की बैरिकेडिंग से कट गये. इन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया.

धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के आगमन में बेचैन रहे लोग

हनुमंत कथा के चौथे दिन रविवार की सुबह बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री रामनगर से बिहार के बांका चले गये, जहां बांका में सहस्त्र चंडी महायज्ञ में शामिल हुए. वापस करीब साढ़े तीन बजे रामनगर पहुंचे. जहां उनके आगमन को लेकर लोगों ने लंबी प्रतीक्षा की.

हवन के दौरान रो रहे नेपाल के भक्त से मिले शास्त्री

रविवार की सुबह आवास पर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री दैनिक पूजा पाठ कर रहे थे. इस बीच आवास के किनारे भीड़ में खड़ा एक अधेड़ उम्र का व्यक्ति हाथ में झोला लिए रो रहा था. जैसे ही धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की नजर उन पर पड़ी, तुरंत सेवादारों से अपने आवास पर बुला लिया, जहां बुलाकर व्यक्ति को ढाढ़स बंधाते हुए गले लगा लिया. परिचय में उक्त व्यक्ति ने नेपाल से आने की बात कही. इस पर उन्होंने प्रसाद देते हुए आशीर्वाद पट्टिका देकर भक्त का सम्मान किया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >