Gopalganj News: (राकेश कुमार) गोपालगंज प्रखंड के बथुआ बाजार एवं कल्याणपुर स्थित एक्सीलेंट कोचिंग सेंटर ने इस वर्ष भी प्रतियोगी परीक्षाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया है. संस्थान के 20 छात्र-छात्राओं में से 17 ने बिहार पॉलिटेक्निक एवं पैरामेडिकल प्रवेश परीक्षा में सफलता हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है.
सफल विद्यार्थियों के सम्मान में आयोजित हुआ समारोह
छात्र-छात्राओं की इस उपलब्धि पर सोमवार को कोचिंग परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया. कार्यक्रम के दौरान संस्थान के संचालक कमलेश शर्मा ने सभी सफल अभ्यर्थियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं.
उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, अभिभावकों के सहयोग और शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन का परिणाम है. संस्थान आगे भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा.
इन विद्यार्थियों ने हासिल की सफलता
सफल छात्र-छात्राओं में युवराज पांडेय, विश्वरूप कुमार, अजीत शाह, रोहित तिवारी, आशीष गुप्ता, लकी कुमारी, नंदनी कुमारी, कुलसुम खातून, संगीता कुमारी, बबली कुमारी और सोनम कुमारी सहित अन्य विद्यार्थी शामिल हैं.
संस्थान के अनुसार एक छात्रा ने पैरामेडिकल प्रवेश परीक्षा में सफलता प्राप्त की है, जबकि अन्य सफल विद्यार्थियों ने बिहार पॉलिटेक्निक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है.
नियमित पढ़ाई के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की भी कराई जाती है तैयारी
संचालक कमलेश शर्मा ने बताया कि संस्थान में नियमित शैक्षणिक अध्ययन के साथ-साथ विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की व्यवस्थित तैयारी भी कराई जाती है. अनुभवी शिक्षकों की टीम विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और मार्गदर्शन देने के लिए लगातार प्रयासरत रहती है.
उन्होंने बताया कि पूर्व वर्षों में भी संस्थान के कई छात्र-छात्राएं विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर चुके हैं, जिनमें निक्की कुमारी, अंकित कुमार, अजीत कुमार, प्रवीण कुमार और रितिक मिश्रा प्रमुख हैं.
शिक्षकों ने दी बधाई, छात्रों का बढ़ाया उत्साह
इस अवसर पर शिक्षक डी.के. मिश्रा, आर.बी. चौहान एवं बी.के. गुप्ता ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि अन्य छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी. समारोह के दौरान विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों के बीच खुशी का माहौल देखने को मिला.
इसे भी पढ़ें: औरंगाबाद में पारा स्पोर्ट्स ट्रेनिंग सेंटर का आज उद्घाटन, जानें क्या होंगी सुविधाएं
