गोपालगंज. नमामि शमीशान, निर्वाणरूपं, विभुं व्यापकं ब्रह्म वेदस्वरूपम्… कहीं महादेव के स्तोत्र गूंज रहे थे, तो कहीं महिलाएं लाचारी गाकर भोलेनाथ को प्रसन्न कर रही थीं. हाथ में भांग-धतूरा और गंगाजल से भरा पात्र, हर-हर महादेव के नारे और शिवालयों की ओर बढ़ते कदम- यह नजारा बुधवार को महाशिवरात्रि के मौके पर देखने को मिला. भक्ति और आस्था का सैलाब शिव मंदिरों में उमड़ा. गांव से लेकर शहर तक हर व्यक्ति शिव के श्री चरणों में नतमस्तक रहा. हर जगह शिव भक्ति का रंग चढ़ा रहा.
हर-हर महादेव के गूंजे जयकारे
देवाधिदेव महादेव के महापर्व यूं कहें कि शिव और शक्ति के मिलन के महापर्व महाशिवरात्रि के अवसर पर शिव मंदिरों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा. सड़क से लेकर शिवालय तक हर-हर, बम-बम और हर-हर महादेव के जयकारे गूंज उठे. श्रद्धालुओं की भीड़ आस्था की पराकाष्ठा को बयां कर रही थी. शिवरात्रि पर्व को लेकर शिवालयों में तैयारी जहां एक दिन पहले ही कर ली गयी थी, वहीं श्रद्धालु भी भोले की शरण में पहुंचने के लिए रातभर इंतजार कर रहे थे.
विधिवत की गयी पूजा-अर्चना
बुधवार को पौ फटने के साथ ही जलाभिषेक के साथ भोले की आराधना और भक्ति की शुरुआत श्रद्धालुओं ने की. भक्ति और जलाभिषेक का सिलसिला पूरे दिन चलता रहा. गांव के शिवालय हों या शहर के, हर जगह भक्तों की भीड़ शिव भक्ति के लिए उमड़ पड़ी. दुग्धाभिषेक कर महादेव की विधिवत पूजा-अर्चना की गयी. पुरोहित ओम् नमः शिवाय और महामृत्युंजय का जप करते रहे. श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को भांग, धतूरा, बेलपत्र, जल, गंगाजल, दूध से शिव का जलाभिषेक किया. भक्तों की भीड़ उमड़ने से जिले के सभी शिव मंदिरों के आसपास मेला लगा रहा.
अहले सुबह से जुटी रही
भीड़
जिले के विभिन्न शिवालयों में भक्तों की भीड़ उमड़ी. शहर के जनता सिनेमा रोड स्थित शिवालय बालखंडेश्वर नाथ महादेव मंदिर में अहले सुबह से भीड़ रही. यहां 10 हजार से अधिक भक्तों ने महादेव की पूजा-अर्चना की. वहीं जादोपुर रोड स्थित शिवाजी चौक स्थित मंदिर में जलाभिषेक के लिए दोपहर तक भीड़ लगी रही. पुलिस लाइन परिसर में अवस्थित शिव मंदिर में लोगों की भारी भीड़ देखी गयी. अफसर कॉलोनी में चंद्रमौलिश्वर महादेव के जलाभिषेक के लिए हजारों की संख्या में भक्तों ने जल अर्पित किया. यहां एडीजे मानवेंद्र मिश्र सुबह से रुद्राभिषेक कर रहे थे. ब्लॉक मोड़ पर शिव की आराधना करते देखा गया. थावे रोड में हलखोरी साह के पोखरा स्थित मंदिर , बंजारी,नवादा रजोखर, ब्रह्मस्थान स्थित शिवालयों में आस्था का सैलाब दिखा.भांग-धतूरा की दुकानों पर रही भीड़
शिवरात्रि पर्व और शिव के प्रिय भांग-धतूरा के साथ सभी श्रद्धालु पूजा करने के लिए बेताब रहे. भीड़ की आवश्यकता को देखते हुए सभी मंदिरों के पास दुकानदारों ने भांग, धतूरा, बेलपत्र, पुष्प आदि की दुकानें सजा रखी थीं. इन पूजा सामग्रियों की बिक्री भी बढ़ी. पर्व के अवसर पर श्रद्धालु जहां भक्ति में लीन रहे, वहीं पूजा सामग्रियों की बिक्री से दुकानदारों को खुशी मिली.शाम होते ही शिव की मंगल आरती गूंजती रही
महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर महिलाओं ने उपवास रखकर व्रत किया तथा अचल सुहाग की मंगलकामना की. विधि-विधान से महिलाओं ने महादेव-गौरी की पूजा-अर्चना की. शाम होते ही शिव की मंगल आरती गूंजती रही. पूजा-पाठ के दौरान घरों से लेकर मंदिरों तक महिलाएं भजन गाती नजर आयीं.प्रमुख शिव मंदिरों में लगा पारंपरिक मेला
शहर समेत जिले के प्रमुख शिव मंदिरों में पारंपरिक मेला लगा. मेले में दूर- दूर से आये श्रद्धालुओं के द्वारा जमकर खरीदारी की गयी. बच्चों ने खिलौना के अलावे जमकर जलेबी, खुरमा, हवा मिठाई, मूंगफली, गाटा की खरीदारी की. मेले का खूब आनंद भी उठाया.सिंहासनी धाम मेले में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
बैकुंठपुर. प्रखंड के सिंहासनी स्थित बाबा धनेश्वर नाथ मंदिर में महाशिवरात्रि के मौके पर हर-हर महादेव के नारे से इलाका गूंज उठा. यहां जदयू के पूर्व विधायक मंजीत कुमार सिंह, एसडीओ डॉ प्रदीप कुमार ने रुद्राभिषेक कराया. बाबा धनेश्वरनाथ का जलाभिषेक करने दर्जनों गांवों से हजारों शिव भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी. सुबह चार बजे से ही श्रद्धालु पहुंचने लगे. द्वापर युग की कथा समेटे इस ऐतिहासिक धाम में महाशिवरात्रि मेले का दृश्य देखते ही बना. मेले में ढोल-नगाड़े, खिलौने एवं फर्नीचर की दुकानों पर जबर्दस्त भीड़ जुटी. मंदिर विकास समिति की ओर से इस बार महाशिवरात्रि के मौके पर यहां आने वाले श्रद्धालुओं के लिए उत्तम व्यवस्था की गयी. मंदिर परिसर में पेयजल, लाइटिंग के अलावा भंडारे का भी आयोजन किया गया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
