फुलवरिया. स्थानीय थाना क्षेत्र के बथुआ बाजार स्थित ध्रुप ज्वेलर्स आभूषण दुकान से ग्राहक बनकर आये तीन शातिर बदमाशों द्वारा दुकानदार को चकमा देकर सात लाख के गहने ले उड़ने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पीड़ित दुकानदार व बथुआ बाजार निवासी ध्रुप प्रसाद ने तीन अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी है.
पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर बदमाशों की पहचान में जुटी
प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस टीम गठित कर मामले की जांच-पड़ताल में जुट गयी है. टीम के नेतृत्वकर्ता थानाध्यक्ष जयहिंद यादव ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर बदमाशों की पहचान में जुटी हुई है. उन्होंने बताया कि पुलिस को बदमाशों को पकड़ने के लिए कई इनपुट भी मिले हैं, जिस पर पुलिस गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है. बता दें कि बथुआ बाजार स्थित ध्रुप ज्वेलरी शॉप में शनिवार को तीन की संख्या में पहुंचे बदमाश सोने की चेन का डिब्बा चुरा कर फरार हो गये थे.
दुकानदार ने पुलिस को दी सूचना
उस डिब्बे में करीब सात लाख रुपये की चेन होने की बात दुकानदार ने प्राथमिकी में बतायी है. सोने की चेन से भरा डिब्बा अलमारी से गायब देख तीनों को दुकानदार ने बुलाया, तो तेजी से भागने लगे. हालांकि दुकानदार बदमाशों के पीछे भागे भी, मगर सफलता नहीं मिली. इसके बाद ज्वेलरी शॉप के दुकानदार ने इस घटना की सूचना पुलिस को दी. घटना की जानकारी मिलते ही फुलवरिया थानाध्यक्ष पुलिस बल के जवानों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे, जहां दुकानदार से पूछताछ कर पुलिस ने थाना क्षेत्र में नाकाबंदी कर दी. हालांकि शातिर बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद दुकानदार ने प्राथमिकी करायी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
