Gopalganj News: पूर्व सैनिक पर चाकू से जानलेवा हमला मामले में 11 के खिलाफ केस दर्ज, तीन आरोपी गिरफ्तार

Gopalganj News: जिले के मांझा थाना क्षेत्र में पूर्व सैनिक वीरेंद्र बारी पर हुए जानलेवा चाकू हमले के मामले में पुलिस ने 11 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है. घायल पूर्व सैनिक का इलाज गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है.

Gopalganj News (अखिल कुमार की रिपोर्ट): जिले के मांझा थाना क्षेत्र में पूर्व सैनिक पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है. घटना के बाद इलाके में तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है. घायल पूर्व सैनिक वीरेंद्र बारी का इलाज गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है. पुलिस ने पीड़ित पक्ष के बयान पर कुल 11 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है.

बेटे के विवाद के बाद पूर्व सैनिक पर हमला

जानकारी के अनुसार शनिवार की शाम रामनगर गांव के समीप बेखौफ हमलावरों ने पूर्व सैनिक वीरेंद्र बारी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया. बताया जाता है कि घटना की शुरुआत उनके पुत्र विक्की कुमार बारी के साथ हुए विवाद से हुई. प्राथमिकी के अनुसार विक्की कुमार बारी नई बाजार स्थित गंडक नहर के पास एक दुकान पर पेप्सी खरीद रहे थे, तभी पूर्व विवाद को लेकर बहोराहाता गांव के विकास महतो, श्रीराम महतो, संदीप कुमार समेत कई लोग वहां पहुंचे और मारपीट शुरू कर दी. स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ.

घात लगाकर किया गया हमला

घटना की जानकारी मिलने के बाद पूर्व सैनिक वीरेंद्र बारी आरोपितों से पूछताछ करने जा रहे थे. आरोप है कि रामनगर गांव के समीप पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन्हें रोक लिया और चाकू से कई वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया. हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से घायल को पहले मांझा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, फिर सदर अस्पताल और बाद में बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया.

तीन आरोपी गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी

मांझा थाना पुलिस ने घायल के पुत्र विक्की कुमार बारी के बयान पर बहोराहाता गांव के विकास महतो, श्रीराम महतो, उमेश महतो, संदीप कुमार, बिट्टू कुमार, परशुराम महतो तथा कर्णपुरा गांव के जनार्दन शर्मा सहित चार महिलाओं को नामजद करते हुए कुल 11 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. पुलिस ने छापेमारी कर श्रीराम महतो, परशुराम महतो और जनार्दन शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है. थाना अध्यक्ष निरंजन कुमार ने बताया कि अन्य फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा.

इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा

घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है. ग्रामीणों का कहना है कि मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और एक पूर्व सैनिक पर जानलेवा हमला कर दिया गया. परिजनों ने सभी आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है. वहीं पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है.

Also Read: Gopalganj News: प्रेमी को बुलाने की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ी किशोरी

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vikas Jha

विकाश झा डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में छह वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन में स्नातक तथा माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है. स्पोर्ट्स, हाइपरलोकल और पॉलिटिकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. क्रिकेट, समाज और राजनीति से जुड़े विषयों पर उनकी विशेष पकड़ है. वे तथ्य आधारित, प्रभावशाली और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करने में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >