Gopalganj News : जमीन के विवाद में भाई की हत्या के लिए दी थी सुपारी, पांच गिरफ्तार

Gopalganj News : गोपालगंज. नगर थाना क्षेत्र के आजाद नगर मुहल्ले में 15 मई की रात एक शॉपिंग मॉल के बाहर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है.

गोपालगंज. नगर थाना क्षेत्र के आजाद नगर मुहल्ले में 15 मई की रात एक शॉपिंग मॉल के बाहर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस घटना के पीछे जमीन विवाद और सुपारी किलिंग की साजिश सामने आयी है.

तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई

पुलिस ने इस मामले में पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से एक कट्टा और एक गोली के साथ मोबाइल भी बरामद किया गया है. सदर एसडीपीओ प्रांजल त्रिपाठी ने शनिवार को प्रेस वार्ता में बताया कि नगर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार प्रभाकर के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की. पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि दो भाइयों के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. उसी रंजिश में एक भाई ने अपने ही सगे भाई की हत्या के लिए दो लाख रुपये की सुपारी दी थी.

सभी आरोपित कोर्ट में किये गये पेश

गिरफ्तार आरोपितों में शमीम आलम, मुराद अली, राजिक हसन उर्फ गुड्डू, गुलाब हुसैन ये सभी मांझा थाना क्षेत्र के भोजपुरवा और प्रताप हुसैन गांव के निवासी हैं. इसके अलावा थावे थाना क्षेत्र के उदन्तराय के बगरा गांव निवासी अभिषेक कुमार और अनुज पांडेय को भी गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार किये गये सभी आरोपितों को शनिवार को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया.

गुरुवार की रात फायरिंग से फैल गयी थी दहशत

गौरतलब है कि गुरुवार की रात आजाद नगर मोहल्ले में स्थित एक शॉपिंग मॉल के बाहर अचानक हुई फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गयी थी. बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने मॉल के बाहर ताबड़तोड़ गोलियां चलायीं और फरार हो गये. फायरिंग की आवाज से आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग दहशत में आ गये थे. मामले में मॉल संचालक कमरेआजम उर्फ सोनू, जो कि सीवान जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र के फाजिल टोला के रहने वाले हैं, ने नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी थी. उनके बयान पर पुलिस ने केस दर्ज किया था. पुलिस अब इस मामले में सुपारी लेने वाले गिरोह के अन्य आरोपित और घटना में प्रयुक्त अन्य हथियारों की तलाश में जुट गयी है. एसडीपीओ ने कहा कि जल्द ही अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी भी की जायेगी और पूरे मामले को सुलझाकर चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की जायेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: GURUDUTT NATH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >