Gopalganj News:(प्रशांत पाठक) गोपालगंज जिले के उचकागांव प्रखंड की बलेसरा पैक्स (प्राथमिक कृषि साख समिति) के अध्यक्ष पद के लिए बुधवार को मतदान कराया जाएगा. चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. मतदान समाप्त होने के बाद बुधवार शाम से ही मतगणना शुरू होगी और देर रात तक परिणाम घोषित होने की संभावना है.
दो उम्मीदवारों के बीच मुकाबला
प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ कुमार प्रशांत ने बताया कि बलेसरा पैक्स अध्यक्ष पद के लिए दो प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं. मतदाताओं की सुविधा के लिए बलेसरा पंचायत स्थित राजकीय आदर्श मध्य विद्यालय, बालाहाता में कुल चार मतदान केंद्र बनाए गए हैं.
16 मतदान कर्मियों की तैनाती
मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए कुल 16 मतदान कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है. प्रत्येक बूथ पर एक पीठासीन पदाधिकारी, एक पी-वन, एक पी-टू और एक पी-थ्री पदाधिकारी को तैनात किया गया है.
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक मतदान केंद्र पर चार-चार पुलिस बल के जवानों की तैनाती की गई है. इसके अलावा बीपीआरओ आलोक कुमार को जोनल मजिस्ट्रेट बनाया गया है, जो पीसीसीपी टीम के साथ मतदान केंद्रों पर लगातार निगरानी रखेंगे.
CCTV और वीडियो रिकॉर्डिंग से होगी निगरानी
निष्पक्ष चुनाव कराने के उद्देश्य से सभी मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. साथ ही पूरी मतदान प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई जा रही है, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी पर तत्काल कार्रवाई की जा सके.
अधिकारियों की लगातार गश्त
चुनाव के दौरान मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और मतदान प्रक्रिया बाधित न हो, इसके लिए प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी तथा उचकागांव थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ पंचायत क्षेत्र में लगातार गश्त कर रहे हैं.
सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक मतदान
मतदान सुबह 7 बजे शुरू होकर शाम 4 बजे तक चलेगा. मतदान समाप्त होने के बाद सभी मतपेटिकाओं को कड़ी सुरक्षा के बीच प्रखंड मुख्यालय स्थित सद्भावना मंडप में लाया जाएगा. इसके बाद शाम से ही मतगणना शुरू कर दी जाएगी और देर रात तक चुनाव परिणाम घोषित किए जाने की संभावना है.
Also Read : आलमपुर विद्यालय में समर कैंप के दौरान कथा-कहानियों से बच्चों का हुआ मनोरंजन
