Gopalganj News (विकास दुबे की रिपोर्ट): गोपालगंज शहर के सरेया वार्ड संख्या-13 स्थित आद्या तिवारी पथ, काली स्थान रोड के रहने वाले होनहार छात्र अर्नव आनंद ने देश की सबसे कठिन और प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई एडवांस में सफलता हासिल कर जिले का गौरव बढ़ाया है. अर्नव को इस परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक (AIR) 6011 तथा ऑल इंडिया ओबीसी रैंक 1339 प्राप्त हुई है. जैसे ही परीक्षा का परिणाम घोषित हुआ, अर्नव के परिवार और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई. घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया और परिजनों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर इस सफलता का जश्न मनाया.
अर्नव ने मामा को दिया सफलता का श्रेय
अर्नव शहर के दिवंगत शिक्षक अनिल कुमार और शिक्षिका माया कुमारी के पुत्र हैं. अपनी इस बड़ी सफलता पर बात करते हुए अर्नव ने इसका पूरा श्रेय अपने माता-पिता के आशीर्वाद, शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन और विशेष रूप से अपने मामा शिक्षक संतोष कुमार को दिया. अर्नव ने बताया कि परीक्षा की कठिन तैयारी के दौरान उनके मामा ने लगातार उनका उत्साहवर्धन किया और मुश्किल विषयों को आसानी से समझने में उनकी बहुत मदद की. परिवार के हर मोड़ पर मिले सहयोग और नियमित पढ़ाई के बल पर ही वे आज इस मुकाम पर पहुंच सके हैं.
शुरू से ही मेधावी रहे हैं अर्नव
अर्नव की शुरुआती शैक्षणिक उपलब्धियां भी बेहद शानदार रही हैं और वे बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी रहे हैं. उन्होंने वर्ष 2023 में विकास भारती स्कूल, गोरखपुर से 10वीं (मैट्रिक) की परीक्षा में 98 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था. इसके बाद वर्ष 2025 में ज्ञानदा इंटरनेशनल स्कूल, छवहीं खास से उन्होंने 10+2 (इंटरमीडिएट) की परीक्षा 90 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की. अपने इस बेहतर शैक्षणिक रिकॉर्ड के लिए उन्हें विद्यालय स्तर पर भी कई बार सम्मानित किया जा चुका है.
कोटा में रहकर की तैयारी
अर्नव ने बताया कि उन्होंने राजस्थान के कोटा स्थित एलन करियर इंस्टीट्यूट में रहकर जेईई एडवांस की कठिन परीक्षा की तैयारी की थी. नियमित रूप से अध्ययन करना, बेहतर समय प्रबंधन (टाइम मैनेजमेंट) और लगातार अभ्यास (प्रैक्टिस) को उन्होंने अपनी सफलता का मूल मंत्र बताया. उनका सपना देश के किसी प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग संस्थान (IIT) में दाखिला लेकर उच्च शिक्षा प्राप्त करना और आगे चलकर तकनीकी क्षेत्र में देश के लिए बेहतर योगदान देना है. अर्नव की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर स्थानीय शिक्षकों, रिश्तेदारों और शहरवासियों ने गहरी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.
Also Read: गोपालगंज में बंद इलेक्ट्रॉनिक दुकान के गोदाम से उठने लगीं आग की लपटें; कूलर, पंखे और मोटरसाइकिल जली
