कुचायकोट. गोपालपुर पुलिस ने एक पिकअप और एक बाइक को जब्त करते हुए 106 कार्टन देसी व अंग्रेजी शराब बरामद की. इस दौरान पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया. वहीं एक तस्कर भागने में सफल रहा.
बाइक छोड़कर भागा तस्कर
गोपालपुर थानाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस धर्मपुर नहर पुल के पास वाहन जांच कर रही थी. इसी क्रम में उत्तर प्रदेश की तरफ से आ रहे टमाटर लदे एक पिकअप की तलाशी ली गयी. इसमें से 99 कार्टन में रखी 4752 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गयी. पुलिस ने तुरंत पिकअप सवार सीवान जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र के शिवराजपुर गांव के खालिद अंसारी तथा सद्दाम हुसैन को गिरफ्तार कर लिया. वहीं पिकअप की तलाशी लेते देख पीछे से आ रहा एक बाइक चालक बाइक छोड़कर भागने लगा. पुलिस जब तक पीछा करती, बाइक चालक अंधेरे का फायदा उठाते हुए भागने में सफल रहा. बाइक की तलाशी ली गयी, तो बाइक में छिपा कर रखी 315 पीस उत्तर प्रदेश निर्मित देसी शराब बरामद की गयी. इस मामले में पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है. वहीं पिकअप से गिरफ्तार दोनों शराब तस्करों पर पुलिस ने उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज करते हुए अग्रेत्तर कार्रवाई के लिए न्यायालय में भेज दिया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
