Gopalganj News : बाइक पलटने के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से दो डीजे ऑपरेटरों की मौत

Gopalganj News : कटेया. गोपालगंज के कटेया-रसौती मुख्य मार्ग पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गयी.

कटेया. गोपालगंज के कटेया-रसौती मुख्य मार्ग पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गयी. यह हादसा उस वक्त हुआ, जब दोनों युवक अपनी बाइक से काम खत्म कर घर लौट रहे थे. तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली को ओवरटेक करते वक्त उनकी बाइक सड़क किनारे रखीं ईंटों पर चढ़ गयीं और अनियंत्रित होकर ट्रॉली के पहियों के नीचे आ गयी.

कटेया बाजार से काम समाप्त कर अपने-अपने घर लौट रहे थे दोनों युवक

मृतकों की पहचान राजापुर दिउलिया गांव निवासी 18 वर्षीय निगम पंडित, पिता चंद्रमा पंडित और भोरे थाना क्षेत्र के जगधारी बनकटा गांव निवासी 19 वर्षीय मुन्ना चौहान, पिता हरि चौहान के रूप में हुई है. दोनों युवक डीजे ऑपरेटर का काम करते थे और कटेया बाजार से काम समाप्त कर अपने-अपने घर लौट रहे थे.

कटेया रेफरल अस्पताल से महज सौ मीटर पहले हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा कटेया रेफरल अस्पताल से महज सौ मीटर पहले हुआ, जहां एक निर्माणाधीन मकान के पास सड़क किनारे ईंटें रखी गयी थीं. इसी दौरान ईंट ले जा रही ट्रैक्टर ट्रॉली को ओवरटेक करते वक्त युवकों की बाइक सड़क किनारे रखीं ईंटों पर चढ़ गयीं और असंतुलित होकर ट्रॉली के पहियों के सामने गिर पड़ी. दोनों युवक ट्रॉली की चपेट में आ गये और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गयी. हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया. घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग दौड़े और दोनों युवकों को कटेया रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलते ही कटेया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. साथ ही ईंट से लदी ट्रैक्टर ट्रॉली को जब्त कर लिया गया है.

दोनों युवकों की मौत से परिजनों में मचा कोहराम

मृतकों की पहचान होते ही परिजनों को सूचना दी गयी. दोनों घरों में मातम पसर गया है और परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है. समाचार लिखे जाने तक परिजनों द्वारा पुलिस में कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं करायी गयी थी, न ही किसी प्रकार का आवेदन दिया गया था. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और ट्रैक्टर चालक की तलाश जारी है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: GURUDUTT NATH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >