गोपालगंज: सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देश पर मंगलवार को गोपालगंज नगर परिषद के चंद्रवंश गिरी उर्फ टुन्ना गिरी सभागार में 'नमस्ते दिवस' का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य सीवर एवं सेप्टिक टैंक में कार्यरत सफाई कर्मियों की सुरक्षा, सम्मान और स्वच्छता कार्यों के दौरान शून्य मृत्यु (Zero Fatality) के लक्ष्य को बढ़ावा देना था. इस दौरान कर्मियों को नेशनल एक्शन फॉर मैकेनाइज्ड सैनिटेशन इकोसिस्टम (NAMASTE) योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई.
सुरक्षा किट वितरित कर सुरक्षित कार्य के लिए किया प्रेरित
कार्यक्रम में नगर परिषद के सफाई कर्मियों को सुरक्षा किट, सुरक्षा बूट, रेनकोट, यूनिफॉर्म, साबुन तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा सामग्री वितरित की गई. अधिकारियों ने बताया कि सीवर और सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान सुरक्षा उपकरणों का नियमित उपयोग दुर्घटनाओं से बचाव के लिए बेहद जरूरी है. उन्होंने कर्मियों से निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए आधुनिक एवं सुरक्षित तकनीकों से कार्य करने की अपील की.
'नमस्ते' योजना का उद्देश्य सुरक्षित और सम्मानजनक कार्य वातावरण
वक्ताओं ने कहा कि 'नमस्ते' (National Action for Mechanized Sanitation Ecosystem) योजना का मुख्य उद्देश्य सफाई कर्मियों को सुरक्षित, सम्मानजनक और आधुनिक कार्य वातावरण उपलब्ध कराना है. इसके माध्यम से मैनुअल स्कैवेंजिंग जैसी अमानवीय प्रथा को समाप्त करने, स्वच्छता कार्यों का मशीनीकरण बढ़ाने तथा कार्य के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं को पूरी तरह रोकने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. सरकार जागरूकता अभियान के साथ-साथ आवश्यक सुरक्षा संसाधन भी उपलब्ध करा रही है.
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में नगर परिषद के सभापति हरेंद्र कुमार चौधरी, कार्यपालक पदाधिकारी अजय कुमार, पार्षद बिपुल अग्रवाल, पार्षद राहुल बैठा, पार्षद प्रतिनिधि अरुण शर्मा, उपसभापति प्रतिनिधि असलम हुसैन, मुख्य सफाई जमादार धर्मेंद्र सिंह सहित नगर परिषद के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में सफाई कर्मी उपस्थित रहे.
Also Read : गोपालगंज में स्कूल वैन ने 11 वर्षीय छात्र को 150 मीटर तक घसीटा, चालक फरार
