Gopalganj News : गोपालगंज शहर में तीन दिनों से लापता नगर परिषद सफाईकर्मी का शव नाले से मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. घटना नगर थाना क्षेत्र के रामनरेश नगर मोहल्ले की है. मृतक की पहचान 35 वर्षीय चुन्नी राम के रूप में हुई है, जो गोपालगंज नगर परिषद में सफाईकर्मी के पद पर कार्यरत थे. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद नाले से शव को बाहर निकाला.
तीन दिनों से चल रही थी सफाईकर्मी की तलाश
परिजनों के अनुसार, चुन्नी राम पिछले तीन दिनों से लापता थे. उनके परिजन लगातार उनकी खोजबीन कर रहे थे, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल पा रही थी. मंगलवार सुबह घर के पास स्थित खुले नाले से बदबू आने पर स्थानीय लोगों ने जांच की तो उसमें शव पड़ा हुआ मिला. इसके बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई, इसके बाद शव को नाले से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी संभावित बिंदुओं पर छानबीन कर रही है.
नाले में गिरने से मौत की आशंका, पुलिस कर रही जांच
मोहल्ले के लोगों का कहना है कि नाले पर स्लैब नहीं लगा हुआ था. वहीं, परिजनों ने आशंका जताई है कि खाने-पीने के दौरान नाले में गिरने से चुन्नी राम की मौत हुई होगी. हालांकि, पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है. मामले की जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा.
शिकायत मिलने पर दर्ज होगी प्राथमिकी
नगर इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार ने बताया कि फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है. शिकायत मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है.
Also Read : शेखपुरा रहा बिहार का सबसे गर्म जिला, 37.7°C तापमान के बाद बारिश से मिली राहत
