Gopalganj Minor Case: विजयीपुर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर उसके साथ यौन शोषण करने और अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर धमकाने का मामला सामने आया है. आरोप है कि युवक इन फोटो-वीडियो के जरिए नाबालिग को डराता रहा और करीब एक वर्ष तक उसका शोषण करता रहा. बाद में फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने का भी धमकी दिया था. मामले में पीड़िता की मां की शिकायत पर विजयीपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है.
फोटो-वीडियो के जरिए धमकाने का आरोप
पीड़िता की मां ने पुलिस को दिये आवेदन में आरोप लगाया है कि करीब एक वर्ष पहले युवक ने उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अपने विश्वास में लिया और उसका शोषण किया. आरोप है कि इसी दौरान उसने आपत्तिजनक फोटो-वीडियो बना लिये. बाद में इन्हीं के जरिए नाबालिग को डराने-धमकाने का सिलसिला शुरू कर दिया.
पंचायत के बाद भी नहीं रुका मामला
परिजनों के अनुसार, घटना की जानकारी मिलने के बाद पंचायत भी हुई थी. आरोप है कि पंचायत में युवक ने अपनी गलती स्वीकार कर माफी मांगी थी. इसके बावजूद बाद में उसने कथित रूप से नाबालिग को फिर परेशान करना शुरू कर दिया और पुराने फोटो-वीडियो दिखाकर उसे धमकाता रहा.
सोशल मीडिया पर फोटो-वीडियो वायरल करने का आरोप
आरोप है कि नाबालिग द्वारा युवक के साथ जाने से इनकार करने के बाद उसने उसके फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिये. इसकी जानकारी मिलने पर परिजन युवक से पूछताछ करने पहुंचे. आरोप है कि इस दौरान युवक ने उनके साथ गाली-गलौज की और धमकी दी कि अलग-अलग सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर फोटो-वीडियो को और जगहों पर भी प्रसारित करेगा.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना से परेशान पीड़िता की मां ने विजयीपुर थाने में शिकायत दर्ज करायी. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस आरोपी के खिलाफ लगे आरोपों की जांच के साथ सोशल मीडिया पर प्रसारित की गयी सामग्री और मामले से जुड़े अन्य साक्ष्यों की भी पड़ताल कर रही है. मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जायेगी.
इसे भी पढ़ें: बिहार पुलिस को मिलेगा नया मुखिया, जानिए कौन-कौन से आईपीएस अधिकारी हैं मुख्य दावेदार
