Gopalganj News: गोपालगंज के कुचायकोट प्रखंड कार्यालय स्थित सभागार भवन में शनिवार को भूमि विवादों के त्वरित निष्पादन के लिए जनता दरबार लगाया गया. राजस्व अधिकारी मनन शुक्ला की अध्यक्षता में आयोजित जनता दरबार में अंचल क्षेत्र के विभिन्न गांवों से भूमि विवाद से जुड़े 16 मामले प्रस्तुत किये गये.
16 में से 10 मामलों का मौके पर निपटारा
जनता दरबार में दोनों पक्षों की दलीलें सुनी गयीं और संबंधित दस्तावेजों की गहन जांच की गयी. इसके बाद राजस्व अधिकारी ने मौके पर ही 10 मामलों का सफलतापूर्वक निष्पादन कर दिया.
वहीं, शेष छह मामलों में दोनों पक्षों को आवश्यक साक्ष्य और अभिलेखों के साथ अगले शनिवार उपस्थित होने का निर्देश दिया गया. अधिकारियों ने संबंधित पक्षों से आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने को कहा, ताकि अगली सुनवाई में मामलों का समाधान किया जा सके.
बार-बार कार्यालय आने से मिलेगी राहत
राजस्व अधिकारी मनन शुक्ला ने बताया कि भूमि विवादों का त्वरित और आपसी सहमति से समाधान कराने के उद्देश्य से नियमित रूप से जनता दरबार का आयोजन किया जा रहा है. इसका उद्देश्य लोगों को थाना और अंचल कार्यालय के बार-बार चक्कर लगाने से राहत दिलाना है.
उन्होंने लोगों से छोटे-मोटे भूमि विवादों का समाधान आपसी संवाद और जनता दरबार के माध्यम से कराने की अपील की.
बड़ी संख्या में फरियादी रहे मौजूद
जनता दरबार के दौरान अरुण दुबे, सोनू कुमार, अशोक शाही सहित अंचल और पुलिस प्रशासन के कई कर्मी मौजूद रहे. इस दौरान बड़ी संख्या में फरियादी भी उपस्थित रहे.
