Gopalganj Jeweler Protest: सर्राफा मंडल गोपालगंज और सोनार समाज गोपालगंज की ओर से रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर हाल की घटनाओं के विरोध में 15 सितंबर को जिलेव्यापी शांतिपूर्ण विरोध कार्यक्रम की घोषणा की गयी. संगठन के पदाधिकारियों ने अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी के साथ पीड़ित परिवारों को त्वरित न्याय और उचित मुआवजा देने की मांग की.
दुकानों पर काली पट्टी बांधकर जताएंगे विरोध
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सोनार समाज के अध्यक्ष दीपक कुमार, पप्पू जी तथा सर्राफा मंडल एवं कैट गोपालगंज के अध्यक्ष अधिवक्ता देव कुमार ने बताया कि वैशाली के दिलीप वर्मा, विशाल सोनी, सौरभ कुमार (बिट्टू) और गोविंद शाह से जुड़ी घटनाओं के विरोध में जिले के सभी स्वर्णकार बंधु मंगलवार, 15 सितंबर को सुबह नौ बजे से शाम तक अपनी-अपनी दुकानों पर काली पट्टी बांधकर बैठेंगे.
सभी प्रखंडों में निकाला जाएगा मौन जुलूस
संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि 15 सितंबर को जिला मुख्यालय के साथ-साथ गोपालगंज जिले के सभी प्रखंडों में स्वर्णकार समाज की ओर से मौन जुलूस निकाला जाएगा. जुलूस के बाद किसी सार्वजनिक स्थल पर समाज के प्रतिनिधि मीडिया के माध्यम से अपनी मांगों और समस्याओं को शांतिपूर्ण तरीके से रखेंगे.
अपराधियों की गिरफ्तारी और पीड़ितों को मुआवजे की मांग
सोनार समाज और सर्राफा मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि संबंधित घटनाओं में शामिल अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी होनी चाहिए. इसके साथ ही पीड़ित परिवारों को त्वरित न्याय और उचित मुआवजा दिया जाए. संगठन ने प्रशासन से मामले में गंभीरता से कार्रवाई करने की मांग की है.
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मनोज कुमार, राकेश कुमार, सुरेश प्रसाद गुप्ता, राजेश कुमार, संतोष कुमार, राजेश (कोन्हवां), चंद्रमोहन शर्मा, राजेश सोनी, बिट्टू सोनी (जादोपुर बाजार) सहित स्वर्ण व्यवसायी संघ और सर्राफा मंडल के कई पदाधिकारी व सदस्य मौजूद थे.
