गोपालगंज में गंडक नदी में डूबे 4 दोस्त: 3 को लोगों ने बचाया, बीकॉम का छात्र अमन कुमार अब भी लापता; NDRF बुलाई गई!

Gopalganj Gandak River Accident: जादोपुर थाना क्षेत्र के मसानथाना के पास गंडक नदी में नहाने के दौरान बड़ा हादसा हुआ है. श्रीरामनगर में मामा के घर रहकर मनी ट्रांसफर का काम करने वाला 21 वर्षीय अमन कुमार गहरे पानी में लापता हो गया. पढ़ें पूरी रिपोर्ट.

Gopalganj Gandak River Accident(मनीष राज): बिहार के गोपालगंज जिले के जादोपुर थाना क्षेत्र से रविवार की दोपहर एक बेहद दर्दनाक और बड़ी खबर सामने आई है. मसानथाना के समीप गंडक नदी में नहाने के दौरान चार दोस्त अचानक गहरे पानी में डूबने लगे. वहां मौजूद स्थानीय लोगों और मल्लाहों ने मुस्तैदी दिखाते हुए तीन युवकों को तो मौत के मुंह से सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन एक 21 वर्षीय युवक तेज बहाव और गहरा पानी होने के कारण नदी में लापता हो गया. इस खौफनाक हादसे की खबर जैसे ही शहर में फैली, लापता युवक के घर में कोहराम मच गया और घाट पर रोते-बिलखते परिजनों की भारी भीड़ जमा हो गई.

मामा के घर रहकर पढ़ाई के साथ करता था मनी ट्रांसफर का काम

लापता युवक की पहचान गोपालपुर थाना क्षेत्र के सपहां गांव के निवासी घनश्याम लाल श्रीवास्तव के पुत्र अमन कुमार (21 वर्ष) के रूप में की गई है. परिजनों ने रोते हुए बताया कि अमन बीकॉम का छात्र है और अपने दो भाइयों में सबसे छोटा है. वह पिछले तीन महीनों से नगर थाना क्षेत्र के श्रीरामनगर (वार्ड संख्या 26) स्थित अपने मामा के घर पर रह रहा था. पढ़ाई के साथ-साथ वह खुद को आत्मनिर्भर बनाने के लिए मनी ट्रांसफर का कार्य भी संभालता था. रविवार की छुट्टी होने के कारण वह अपने सात दोस्तों के साथ जादोपुर के मसानथाना बांध के पास गंडक नदी में नहाने के लिए निकला था, जहाँ यह काल बन आया हादसा हो गया.

स्थानीय मछुआरे जुटे, रेस्क्यू के लिए पटना से बुलाई गई एनडीआरएफ की टीम

हादसे के तुरंत बाद जादोपुर थाना अध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों और मछुआरों की मदद से महा-जाल डालकर नदी के चप्पे-चप्पे पर अमन की तलाश शुरू कर दी है. घटना स्थल पर लापता युवक की तस्वीर हाथ में लेकर बिलखती मां और परिजनों की चीखें सुनकर वहां मौजूद हर राहगीर की आंखें नम हो गईं.

जादोपुर थाना अध्यक्ष ने आधिकारिक तौर पर बताया कि डूबने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत एक्टिव हो गई थी. स्थानीय स्तर पर गोताखोर लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं. चूंकि नदी में पानी काफी गहरा है, इसलिए बिना देर किए जिला प्रशासन के माध्यम से एनडीआरएफ (NDRF) की विशेष रेस्क्यू टीम को अलर्ट कर दिया गया है. एनडीआरएफ की टीम जल्द ही आधुनिक उपकरणों और बोट के साथ गंडक नदी में महा-सर्च अभियान शुरू करेगी. पुलिस प्रशासन ने स्थानीय युवाओं से अपील की है कि वे मानसून की आहट के बीच नदियों के गहरे और खतरनाक घाटों पर नहाने से पूरी तरह परहेज करें.

ये भी पढ़ें: रोहतास में NHAI और प्रशासन के दावों की खुली पोल: हल्की बारिश में ही जलजमाव; एक साल बाद भी अधूरा है नाला!

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aditya Kumar Ravi

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >