Gopalganj Cricket Dispute Fight : (मनीष राज) गोपालगंज जिले के सिधवलिया थाना क्षेत्र के बुचिया कली गांव में बच्चों के बीच क्रिकेट खेलने को लेकर शुरू हुआ विवाद सोमवार को हिंसक झड़प में बदल गया. रास्ते में घेरकर हुई मारपीट में दोनों पक्षों के कुल नौ लोग घायल हो गए. सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
तीन दिन पहले शुरू हुआ था विवाद
जानकारी के अनुसार, तीन दिन पहले गांव में बच्चों के बीच क्रिकेट खेलने के दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी. उस समय स्थानीय लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत करा दिया था. लेकिन पुरानी रंजिश को लेकर सोमवार को दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए.
Gopalganj News : रास्ते में घेरकर की गई मारपीट
आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के लोगों को रास्ते में घेर लिया, जिसके बाद दोनों ओर से जमकर मारपीट शुरू हो गई. देखते ही देखते घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और कई लोग घायल हो गए.
मारपीट में नौ लोग घायल
मारपीट में एक पक्ष से प्रिया कुमारी, आशीष कुमार, अंजली कुमारी और रेणु देवी घायल हो गईं. वहीं दूसरे पक्ष से दुर्गावती देवी, नीतू कुमारी, अभिषेक कुमार, गोल्डी कुमारी और पंकज कुमार घायल हो गए.
घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद सिधवलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
Also Read : गोपालगंज के धीरज कुमार बने SDO, BPSC में सफलता हासिल कर बढ़ाया जिले का मान
