गोपालगंज: बैकुंठपुर के बाबा धनेश्वरनाथ मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब; जानिए क्यों खास है तीसरी शुक्रवारी की पूजा?

सावन के पावन महीने में गोपालगंज के ऐतिहासिक बाबा धनेश्वरनाथ मंदिर में तृतीय शुक्रवारी पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा. हजारों शिवभक्तों ने जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की. जानें इस पूजा का महत्व.

Gopalganj News: सावन के पावन महीने में चारों तरफ भगवान भोलेनाथ की भक्ति की बयार बह रही है. प्रखंड के सिंहासनी गांव स्थित ऐतिहासिक बाबा धनेश्वरनाथ मंदिर में सावन की तृतीय शुक्रवारी के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. भोर के ठीक तीन बजे से ही मंदिर में पूजा-अर्चना और जलाभिषेक का सिलसिला शुरू हो गया, जो दिनभर निरंतर जारी रहा. हजारों शिवभक्तों ने पवित्र शिवलिंग पर जलाभिषेक कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि और आरोग्य की कामना की.

प्रतिदिन सुबह रुद्राभिषेक और शाम में भव्य महाआरती

सावन माह की शुरुआत के साथ ही मंदिर परिसर में प्रतिदिन सुबह विशेष रुद्राभिषेक का आयोजन किया जा रहा है. दिघवा गांव निवासी आचार्य राधेश्याम पांडेय उर्फ मुन्ना बाबा की टीम द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ रुद्राभिषेक संपन्न कराया जा रहा है. इसके साथ ही शाम के समय बाबा के दरबार में आयोजित होने वाली भव्य महाआरती में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर भक्ति रस में डूब रहे हैं.

बैंड-बाजे के साथ पहुंचीं शोभायात्राएं, पूजन सामग्रियों से सजीं दुकानें

तृतीय शुक्रवारी की विशेष पूजा के लिए आसपास के विभिन्न गांवों से श्रद्धालु गाजे-बाजे और भक्ति गीतों के साथ शोभायात्रा लेकर सिंहासनी धाम पहुंचे. मंदिर परिसर में जल, फूल, बेलपत्र, भांग, धतूरा, अक्षत, चंदन और अगरबत्ती सहित पूजन सामग्री की दुकानें सजी रहीं, जहां दिनभर खरीदारों की भारी भीड़ देखी गई.

प्रशासनिक स्तर पर सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासनिक अधिकारी लगातार सक्रिय रहे. बीडीओ नंदकिशोर साह, सीओ शिवम श्रीवास्तव एवं प्रभारी थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार सहित पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया.

वहीं मंदिर के मुख्य पुजारी लालबाबू गिरि, प्रेम नारायण गिरी, दीपक पुरी, राजकिशोर गिरी समेत अन्य सेवादारों ने कतारबद्ध तरीके से शांतिपूर्ण ढंग से पूजा-अर्चना कराने में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया. श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से बाबा धनेश्वरनाथ का आशीर्वाद लिया.

Also Read: 'घर-बार छूटा, अपने खोए...' गोपालगंज में जब याद आया विभाजन का खौफनाक दर्द, तो मंच से क्या बोले कृषि मंत्री?


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनीष राज

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >