गोपालगंज: जिले में छात्राओं और कामकाजी महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस दीदी (अभया ब्रिगेड) की टीम शैक्षणिक संस्थानों और हॉस्टलों के आसपास नियमित गश्त कर रही है. टीम स्कूल, कॉलेज, कोचिंग सेंटर सहित अन्य शैक्षणिक संस्थानों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रही है.
संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर
गश्ती के दौरान पुलिस टीम संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रख रही है. शैक्षणिक संस्थानों के आसपास अनावश्यक रूप से घूमने वाले संदिग्ध लोगों और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों की निगरानी की जा रही है.
पुलिस टीम छात्राओं और महिलाओं से संवाद कर उनकी सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं की जानकारी भी ले रही है. किसी तरह की परेशानी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने के लिए उन्हें जागरूक किया जा रहा है.
हेल्पलाइन और पुलिस सहायता की दी जा रही जानकारी
अभया ब्रिगेड की टीम छात्राओं को महिला हेल्पलाइन, पुलिस सहायता और आपात स्थिति में पुलिस से संपर्क करने के तरीकों की जानकारी दे रही है. छात्राओं को अनजान लोगों के बहकावे में नहीं आने और सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करने से बचने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है.
पुलिस ने छात्राओं से कहा कि किसी भी तरह की परेशानी होने पर परिजनों के साथ-साथ पुलिस को भी तत्काल जानकारी दें.
सोशल मीडिया को लेकर भी किया जा रहा जागरूक
जागरूकता अभियान के दौरान छात्राओं को सोशल मीडिया के इस्तेमाल में सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है. पुलिस टीम निजी जानकारी, फोटो या अन्य संवेदनशील विवरण अनजान लोगों के साथ साझा नहीं करने के प्रति भी जागरूक कर रही है.
शैक्षणिक संस्थानों के आसपास बढ़ायी गयी निगरानी
पुलिस का उद्देश्य छात्राओं और महिलाओं में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाने के साथ असामाजिक तत्वों पर प्रभावी निगरानी रखना है. नियमित गश्ती के माध्यम से स्कूल-कॉलेज, कोचिंग संस्थानों और हॉस्टलों के आसपास मनचलों एवं संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने का प्रयास किया जा रहा है.
पुलिस ने छात्राओं और महिलाओं से अपील की है कि उन्हें किसी भी तरह की समस्या हो या कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आये तो तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दें.
इसे भी पढ़ें: BPSC TRE-4 के फॉर्म पर ब्रेक, छात्रों के आंदोलन के बाद फिर गरमायी सियासत, जानिए अब क्या होगा
