Gopalgonj Liquor Seizure: (मनीष राज) अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई के साथ अब जब्त शराब के निस्तारण का सिलसिला भी तेज हो गया है. गोपालगंज में अलग-अलग मामलों में जब्त करीब 4100 लीटर देशी और विदेशी शराब को गुरुवार को नष्ट कराया गया. शराब की अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये बतायी गयी है. विनष्टीकरण की कार्रवाई कुचायकोट थाना क्षेत्र के बलथरी चेकपोस्ट पर की गयी.
35 मामलों की शराब का हुआ निस्तारण
उत्पाद विभाग और पुलिस की ओर से अलग-अलग कार्रवाई के दौरान जब्त की गयी शराब को निर्धारित प्रक्रिया के तहत नष्ट कराया गया. कुल 35 कांडों में जब्त करीब 4100 लीटर देशी और विदेशी शराब का विनष्टीकरण किया गया. कार्रवाई के दौरान जेसीबी की मदद ली गयी.
दंडाधिकारी और अधिकारियों की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
जिलाधिकारी के निर्देश पर बलथरी चेकपोस्ट पर शराब नष्ट करने की कार्रवाई की गयी. इस दौरान दंडाधिकारी के साथ उत्पाद विभाग और पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे. अधिकारियों की निगरानी में जब्त शराब का निस्तारण कराया गया.
शराब जब्ती के बाद अब नष्ट करने की प्रक्रिया
उत्पाद अधीक्षक अमृतेश कुमार झा ने बताया कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. उत्पाद थाना और विभिन्न पुलिस थानों की कार्रवाई में जब्त की गयी शराब को नियमानुसार नष्ट कराया जा रहा है. उन्होंने बताया कि इस कार्रवाई में नष्ट की गयी शराब की अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये है.
तस्करी रोकने के लिए अभियान जारी
उत्पाद अधीक्षक ने कहा कि शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी पर रोक लगाने के लिए उत्पाद विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई जारी रहेगी. अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने कहा कि जिले में शराब के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए आगे भी अभियान चलाया जाएगा.
इसे भी पढ़ें:भोजपुर के नए SP अवधेश दीक्षित क्यों हैं चर्चा में? जानिए IPS काम्या मिश्रा से उनकी खास प्रेम कहानी
