गोपालगंज: होर्मुज हमले में जान गंवाने वाले रोहन गुप्ता के शव का इंतजार, मां की पुकार सुन हर आंख हुई नम

Gopalganj News होर्मुज में ईरानी हमले में गोपालगंज के रोहन कुमार गुप्ता की मौत हो गई. उनके परिवार को अब भी उनके शव का इंतजार है. मां की मार्मिक पुकार हर किसी की आंखें नम कर रही है.

Gopalganj News: होर्मुज में ईरानी हमले में जान गंवाने वाले थावे प्रखंड के विदेशी टोला गांव निवासी रोहन कुमार गुप्ता उर्फ सोनू गुप्ता के शव का परिवार बेसब्री से इंतजार कर रहा है. बेटे की एक झलक पाने के लिए परिजन हर पल व्याकुल हैं. घर में मातम पसरा है और हर आने-जाने वाले की आंखें नम हो जा रही हैं.

रोहन की मां राजकुमारी देवी बार-बार एक ही बात दोहरा रही हैं, "बाबू को बुला दो, एक बार उसका चेहरा देख लूं." बेटे के वियोग में वह सुध-बुध खो चुकी हैं. परिवार के अन्य सदस्यों का भी रो-रोकर बुरा हाल है. घर का माहौल ऐसा है कि वहां पहुंचने वाला हर व्यक्ति गमगीन हो जा रहा है.

दूसरे दिन भी शोक जताने वालों का लगा तांता

बुधवार को दूसरे दिन भी रोहन के आवास पर शोक व्यक्त करने वालों की भीड़ लगी रही. सुबह से देर शाम तक विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, व्यवसायी और क्षेत्र के गणमान्य लोग शोकाकुल परिवार से मिलने पहुंचे. सभी ने परिवार को ढांढस बंधाया और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया.

परिजन सभी आगंतुकों से एक ही अपील करते नजर आए कि किसी भी तरह रोहन का शव जल्द से जल्द भारत लाया जाए, ताकि पूरे रीति-रिवाज के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जा सके.

कंपनी कर रही है शव भेजने की प्रक्रिया

मृतक के पिता संजय प्रसाद गुप्ता ने बताया कि बेटे की मौत के बाद से दुबई की कंपनी अलब्याह एडन लगातार उनके संपर्क में है. कंपनी के अधिकारी शव को भारत भेजने की प्रक्रिया से संबंधित जानकारी दे रहे हैं और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं. हालांकि, शव भारत कब तक पहुंचेगा, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है.

होर्मुज में ईरानी हमले में हुई थी रोहन की मौत

थावे प्रखंड के विदेशी टोला गांव निवासी व्यवसायी संजय प्रसाद गुप्ता के पुत्र रोहन कुमार गुप्ता उर्फ सोनू गुप्ता की होर्मुज क्षेत्र में ईरानी हमले के दौरान मौत हो गई थी. मंगलवार सुबह परिजनों को इसकी सूचना मिली, जिसके बाद पूरे परिवार में मातम छा गया. घटना के बाद क्षेत्र में शोक के साथ लोगों में गहरा आक्रोश भी देखने को मिला.

प्रशासन ने विदेश मंत्रालय को भेजी रिपोर्ट

शव को जल्द भारत लाने के लिए जिला प्रशासन भी सक्रिय है. जिला पदाधिकारी समीर सौरभ के निर्देश पर एसडीओ डॉ. प्रेरणा सिंह और एसडीसी अजय कुमार ने परिजनों से पूरी जानकारी लेकर विदेश मंत्रालय को रिपोर्ट भेज दी है. प्रशासन को उम्मीद है कि आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद अगले 48 घंटे के भीतर रोहन का शव थावे पहुंच सकता है.

इसे भी पढ़ें: बिहार को मिलने जा रही एक और शानदार फोरलेन सड़क, बदल जाएगी इन 3 जिलों की सूरत


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Manoranjan upadhyay

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >