Gopalganj News: गोपालगंज जिले में उत्पाद एवं निबंधन विभाग में अवर निरीक्षक और निरीक्षक पदों की प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा रविवार को जिले के चार परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी. इस परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है. जिले के कुल 2,976 अभ्यर्थी इस परीक्षा में शामिल होने जा रहे हैं. कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण माहौल में परीक्षा कराने के लिए सभी केंद्रों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पर्याप्त संख्या में सशस्त्र पुलिस बल की मुस्तैद तैनाती की गई है.
जिलाधिकारी ने दिए सख्त निर्देश
जिलाधिकारी समीर सौरभ ने प्रतिनियुक्त अधिकारियों को कड़ा निर्देश दिया है कि वे समय से काफी पहले अपने निर्धारित परीक्षा केंद्र पहुंचकर सभी तकनीकी तैयारियों की गहन जांच कर लें और आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी सख्ती से पालन सुनिश्चित कराएं. उन्होंने साफ तौर पर कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता और शुचिता से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा. गड़बड़ी करने वाले तत्वों पर मौके पर ही सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
समय का रखें विशेष ध्यान
यह परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक एक ही पाली में आयोजित होगी. अभ्यर्थियों को सुबह 9:30 बजे तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी, इसके बाद प्रवेश द्वार पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा. प्रवेश के समय इ-एडमिट कार्ड के साथ एक वैध फोटो पहचान पत्र दिखाना अनिवार्य होगा. परीक्षा केंद्र के भीतर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ जैसी किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक संचार सामग्री ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा.
इन केंद्रों पर होगी परीक्षा
जिले में सुचारु संचालन के लिए कुल चार परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. शहर के एसएस बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय केंद्र पर 1,080, डीएवी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 888, वीएम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 504 तथा एमएम मेमोरियल उर्दू हाई स्कूल में 504 अभ्यर्थी परीक्षा में बैठेंगे. प्रशासन के अनुसार गोपालगंज के अलावा आसपास के सीमावर्ती जिलों से भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के आने की संभावना है, जिसे देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं.
Also Read: गोपालगंज में सफाई कर्मियों से मारपीट के बाद काम बंद, शहर में बढ़ी गंदगी की चिंता
