Gopalganj News : कुचायकोट थाना क्षेत्र के कुर्मटोला के समीप उत्पाद विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए हुंडई आई-20 कार से 286 लीटर विदेशी शराब बरामद की है. बरामद शराब की कीमत करीब चार लाख रुपये बतायी जा रही है. टीम ने शराब तस्करी में इस्तेमाल कार को जब्त करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है.
सूचना के बाद वाहन जांच के दौरान पकड़ी गयी शराब
उत्पाद विभाग के अनुसार, कुर्मटोला के समीप शराब तस्करी की सूचना मिलने के बाद टीम ने वाहन जांच शुरू की थी. इसी दौरान संदेह के आधार पर एक हुंडई आई-20 कार को रोककर उसकी तलाशी ली गयी. कार के अंदर छिपाकर रखी गयी 286 लीटर विदेशी शराब बरामद होने के बाद टीम ने वाहन को जब्त कर लिया और उसमें सवार तस्कर को गिरफ्तार कर लिया.
हरियाणा के फरीदाबाद का रहने वाला है गिरफ्तार तस्कर
गिरफ्तार तस्कर की पहचान हरियाणा के फरीदाबाद जिले के सूरजकुंड थाना क्षेत्र के लकड़पुर ब्लॉक आई-376 निवासी सुल्तान खान के पुत्र अब्दुल रहमान के रूप में हुई है. उत्पाद विभाग की टीम उससे शराब की खेप और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है.
मद्यनिषेध अधिनियम के तहत भेजा गया न्यायिक हिरासत में
उत्पाद अधीक्षक अमृतेश कुमार ने बताया कि बिहार में लागू शराबबंदी कानून के तहत कार्रवाई की गयी है. गिरफ्तार तस्कर के विरुद्ध मद्यनिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
जब्त शराब होगी विनष्ट, कार की होगी नीलामी
उत्पाद विभाग के अनुसार, बरामद शराब को नियमानुसार विनष्ट करने की प्रक्रिया पूरी की जायेगी. वहीं, शराब तस्करी में इस्तेमाल जब्त हुंडई आई-20 कार को नीलामी की प्रक्रिया में शामिल किया जायेगा.
