Gopalganj News: स्थानीय थाना क्षेत्र के पड़रौना गांव में एक बुजुर्ग महिला को बाइक से टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल करने का मामला सामने आया है. घटना को लेकर पीड़िता की शिकायत पर भोरे थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
बाइक से टक्कर मारने का लगाया आरोप
प्राथमिकी के अनुसार, पड़रौना गांव निवासी स्वर्गीय मोतीलाल सिंह की पत्नी राजकुमारी देवी ने आरोप लगाया है कि 20 अप्रैल 2026 की शाम करीब 6:48 बजे गांव के ही दीपराज चौरसिया के पुत्र नितेश चौरसिया ने पूर्व नियोजित साजिश के तहत अपनी मोटरसाइकिल से उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने जान से मारने की नीयत से बाइक उनकी ओर मोड़ दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं.
पैर की हड्डी टूटी, अस्पताल में कराया गया इलाज
घटना में राजकुमारी देवी के दाहिने पैर के घुटने के नीचे की हड्डी टूट गई. इसके अलावा शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आईं. हादसे के बाद परिजनों ने उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां समय पर उपचार मिलने से उनकी जान बच सकी.
सीसीटीवी फुटेज को बताया अहम साक्ष्य
पीड़िता ने अपने आवेदन में दावा किया है कि पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है. उनका कहना है कि फुटेज मामले की जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य साबित हो सकता है.
पुलिस ने शुरू की जांच
भोरे थाना पुलिस ने पीड़िता के आवेदन पर नामजद प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज समेत सभी उपलब्ध साक्ष्यों और तथ्यों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
इसे भी पढ़ें: बांकीपुर में प्रशांत किशोर की जीत के क्या हैं मायने? जेपी से लेकर नीतीश तक बदलाव की राजनीति से जुड़ रही नई कड़ी
