गोपालगंज: पंचतत्व में विलीन हुए पूर्व विधायक विद्या भूषण सिंह, अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब

सबीली गांव निवासी और जेपी आंदोलन के सेनानी, पूर्व विधायक विद्या भूषण सिंह का अंतिम संस्कार पूरे राजनीतिक और सामाजिक सम्मान के साथ घोघरी नदी के तट पर हुआ. उनकी अंतिम यात्रा में जनसैलाब उमड़ा, जिसमें शिक्षा मंत्री सहित कई गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए.

Gopalganj News: गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर प्रखंड के सबीली गांव निवासी, जेपी आंदोलन के सक्रिय सेनानी और बसंतपुर विधानसभा के पूर्व विधायक विद्या भूषण सिंह का शनिवार को अंतिम संस्कार किया गया. लंबी बीमारी के बाद शुक्रवार को उनके निधन की खबर से बैकुंठपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गयी. शनिवार को पवित्र घोघरी नदी के तट पर पूरे राजनीतिक और सामाजिक सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया.

अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब

पूर्व विधायक विद्या भूषण सिंह की अंतिम यात्रा में इलाके के हजारों की संख्या में प्रबुद्ध लोग शामिल हुए. लोगों ने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की.

अंतिम संस्कार में बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी भी अपने समर्थकों के साथ शामिल हुए. उन्होंने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके निधन को समाज और क्षेत्र की अपूरणीय क्षति बताया.

शिक्षा मंत्री ने कहा कि विद्या भूषण सिंह ने कांग्रेस के काले कानून के खिलाफ जंग लड़ी. उनकी कुर्बानी को बैकुंठपुर हर समय याद रखेगा.

1977 में बसंतपुर से विधायक बने थे विद्या भूषण सिंह

विद्या भूषण सिंह वर्ष 1977 में सीवान जिले के बसंतपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक निर्वाचित हुए थे. जेपी आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाने के साथ ही किसान नेता के रूप में भी उनकी अलग पहचान थी. उन्होंने सामाजिक और जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाई.

पूर्व विधायक के निधन की खबर से बैकुंठपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गयी. शनिवार को उनके पैतृक गांव सबीली स्थित नदी तट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया. उनके पुत्र रवि भूषण सिंह उर्फ सुभाष कुमार सिंह ने मुखाग्नि दी.

जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने दी श्रद्धांजलि

पूर्व विधायक प्रेमशंकर प्रसाद यादव, पूर्व डीआईजी राम नारायण सिंह, समाजवादी नेता विजय बहादुर यादव, सुरेंद्र राय, पूर्व मुखिया सुनील सिंह, जेपी सेनानी चंद्रमा सिंह, मुखिया नागेंद्र सिंह, शंभूनाथ सिंह, बिरेंद्र सिंह, पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष शौकत अली, पूर्व मुखिया अजय शुक्ला, रामेश्वर सिंह, मंगलदेव शुक्ला सहित अनेक जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने पूर्व विधायक विद्या भूषण सिंह के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की.

स्वर्गीय विद्या भूषण सिंह अपने पीछे एक पुत्र, पांच पुत्रियां तथा दो पोतों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनीष राज

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >