Husband Attacks Wife: नगर थाना क्षेत्र के मौनिया चौक में मंगलवार को नशे में धुत एक पति ने विवाद के दौरान अपनी पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया. हमले में महिला की पीठ पर गहरा जख्म हो गया. घायल महिला का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है. घटना की सूचना मिलने के बाद नगर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है.
घायल महिला की पहचान मौनिया चौक निवासी 20 वर्षीय भूमि कुमारी के रूप में हुई है. वह दीपक बरनवाल की पत्नी बतायी गयी है. परिजनों के अनुसार दीपक अक्सर नशे की हालत में घर पहुंचकर पत्नी के साथ मारपीट करता था. इसको लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था.
नशे में घर पहुंचने के बाद हुआ विवाद
मंगलवार को भी आरोपी पति नशे की हालत में घर पहुंचा. किसी बात को लेकर उसका पत्नी से विवाद शुरू हो गया. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपी ने पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी. इसके बाद चाकू निकालकर उसकी पीठ पर वार कर दिया. हमले में भूमि कुमारी गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ी.
सदर अस्पताल में चल रहा इलाज
घटना के बाद परिजनों और आसपास के लोगों ने घायल महिला को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया. यहां चिकित्सकों ने उसका इलाज शुरू किया. डॉक्टरों के अनुसार महिला की पीठ पर चाकू से गहरा जख्म हुआ है और उसका उपचार जारी है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद नगर थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची. पुलिस घायल महिला का बयान दर्ज करने की प्रक्रिया में जुटी है. पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है. पीड़िता और परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी. आरोपी पति की तलाश भी की जा रही है.
इसे भी पढ़ें: बिहार पुलिस को मिलेगा नया मुखिया, जानिए कौन-कौन से आईपीएस अधिकारी हैं मुख्य दावेदार
