गोपालगंज: मोहम्मदपुर सहयोग शिविर पहुंचे डीएम समीर सौरभ, जन शिकायतों के त्वरित निपटारे के दिए निर्देश

गोपालगंज के सिधवलिया प्रखंड में आयोजित सहयोग शिविर में जिलाधिकारी समीर सौरभ ने आम जनता की समस्याओं को सुना. उन्होंने अधिकारियों को राशन कार्ड, बिजली बिल, जमीन विवाद जैसे मामलों के त्वरित और पारदर्शी निपटारे के निर्देश दिए.

Gopalganj News: सिधवलिया प्रखंड के मोहम्मदपुर पंचायत भवन में मंगलवार को आयोजित सहयोग शिविर का निरीक्षण करने जिलाधिकारी समीर सौरभ पहुंचे. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित और पारदर्शी तरीके से निपटारा सुनिश्चित किया जाए.

राशन कार्ड, बिजली बिल और जमीन विवाद के आवेदन लिए गए

डीएम ने कहा कि शिविर में नया राशन कार्ड, बिजली बिल में सुधार, जमीन विवाद, आय, जाति एवं आवासीय प्रमाण पत्र सहित अन्य जन शिकायतों से संबंधित आवेदन प्राप्त कर उनका समयबद्ध निष्पादन किया जाए.

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी फरियादी को सरकारी कार्यालयों का अनावश्यक चक्कर न लगाना पड़े.

फरियादियों से किया सीधा संवाद

जिलाधिकारी ने शिविर में पहुंचे लोगों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं. उन्होंने कहा कि यदि किसी विभाग में किसी का कार्य लंबित है तो संबंधित व्यक्ति सीधे उनसे संपर्क कर सकता है.

डीएम ने भरोसा दिलाया कि सभी शिकायतों का समाधान निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाएगा.

स्थानीय मुखिया ने किया स्वागत

इस अवसर पर मोहम्मदपुर पंचायत की मुखिया सुषमा देवी ने जिलाधिकारी समीर सौरभ का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया.

शिविर में बीडीओ मंजय कुमार, अंचलाधिकारी अभिषेक कुमार, मुखिया प्रतिनिधि विनय कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे.

ग्रामीणों ने उठाईं अपनी समस्याएं

सहयोग शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याओं के समाधान के लिए पहुंचे. अधिकारियों ने मौके पर कई आवेदन प्राप्त कर संबंधित विभागों को निष्पादन के लिए भेज दिया.

डीएम ने कहा कि सरकार की मंशा है कि आम जनता को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ उनके घर के पास ही उपलब्ध हो. इसी उद्देश्य से ऐसे सहयोग शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे हैं.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Pawan agarwal

Published by: Vivek Ranjan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >