Gopalganj News : डायरिया और एनेमिया मुक्त पंचायत बनाने के उद्देश्य से पीसीआई इंडिया और एलएंडटी की पहल ‘नई दिशा’ परियोजना के तहत शनिवार को गोपालगंज व थावे प्रखंड की चयनित पंचायतों में जागरूकता रैली और सामुदायिक सभा का आयोजन किया गया. धतीवना, एकडेरवा बरारी और जगदीश पंचायत में निकाली गयी रैली में आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी सेविकाओं, स्वास्थ्य कर्मियों और जीविका दीदियों ने हिस्सा लिया. इस दौरान उप स्वास्थ्य केंद्रों को व्हीलचेयर भी उपलब्ध करायी गयी.
नारों के जरिए डायरिया से बचाव का दिया संदेश
रैली के दौरान ‘थावे ने यह ठाना है, डायरिया दूर भगाना है’, ‘डायरिया का एक ही समाधान, ओआरएस और जिंक का घोल है वरदान’ और ‘सफाई अपनाएं, डायरिया भगाएं’ जैसे नारों के जरिए लोगों को जागरूक किया गया. महिलाओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर पंचायत के विभिन्न मार्गों से भ्रमण किया.
सामुदायिक सभा में बताए डायरिया से बचाव के उपाय
रैली के बाद आयोजित सामुदायिक सभा में पंचायत के वार्ड सदस्यों, मुखिया प्रतिनिधि, आशा कार्यकर्ताओं और पीसीआई इंडिया के प्रतिनिधियों ने डायरिया से बचाव के उपायों की जानकारी दी. लोगों को पानी उबालकर ठंडा करने और तैयार ओआरएस घोल का 24 घंटे के भीतर इस्तेमाल करने की सलाह दी गयी. दस्त होने की स्थिति में 14 दिनों तक जिंक की गोली देने की उपयोगिता के बारे में भी बताया गया.
माताओं को एनेमिया और सुरक्षित प्रसव की दी जानकारी
आंगनबाड़ी सेविकाओं और स्वास्थ्य कर्मियों ने माताओं को डायरिया और एनेमिया से बचाव के साथ गर्भवती महिलाओं के सुरक्षित प्रसव से जुड़ी सावधानियों की जानकारी दी. महिलाओं को उप स्वास्थ्य केंद्रों से नि:शुल्क दवाएं प्राप्त करने के लिए भी प्रेरित किया गया. साथ ही हीमोग्लोबिन निर्माण के लिए शरीर में आयरन की आवश्यकता के बारे में जागरूक किया गया.
