Gopalganj News : सावन माह के पहले दिन मीरगंज और आसपास के क्षेत्रों के शिवालयों में अहले सुबह से ही श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा. 'हर-हर महादेव', 'जय शिव' और 'ॐ नमः शिवाय' के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा. श्रद्धालु हाथों में गंगाजल, भांग, धतूरा, बेलपत्र, शमी के पत्ते, फूल और अक्षत लेकर भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए मंदिरों में पहुंचते रहे.
औघड़ दानी शिव मंदिर और प्राचीन शिव मंदिर में रही विशेष सजावट
मीरगंज स्थित सुप्रसिद्ध प्राचीन औघड़ दानी शिव मंदिर तथा मिल रोड स्थित प्राचीन शिव मंदिर को सावन के पहले दिन भव्य और आकर्षक ढंग से सजाया गया. दोनों मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था के प्रमुख केंद्र बने रहे, जहां दिनभर पूजा-अर्चना और दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ लगी रही.
विशेष पूजा और महाआरती के बाद खुले मंदिर के पट
सुबह पूजा-अर्चना की शुरुआत भगवान भोलेनाथ का पवित्र नदियों के जल से अभिषेक कर की गई. इसके बाद बाबा का विशेष श्रृंगार किया गया और वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच महाआरती संपन्न हुई. महाआरती के बाद आम श्रद्धालुओं के दर्शन और जलाभिषेक के लिए मंदिर के पट खोल दिए गए.
जलाभिषेक के लिए दिनभर लगी रही श्रद्धालुओं की कतार
मंदिर के पट खुलते ही श्रद्धालुओं ने अनुशासित तरीके से कतारबद्ध होकर शिवलिंग पर जलाभिषेक किया और परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य एवं मंगल की कामना की. पूरे दिन मंदिरों में जल चढ़ाने और भगवान शिव के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा, जिससे पूरा वातावरण शिवमय बना रहा.
Also Read : हाजीपुर में युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग, घर के बाहर मोबाइल देख रहे युवक को मारी दो गोलियां
